पानीपत पहुंचे आरएसएस प्रमुख, निर्माणधीन सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र का लिया जायजा Panipat News
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत पानीपत पहुंचे। उन्होंने डिजिटल नक्शे के माध्यम से केंद्र की जानकारी ली।
पानीपत, जेएनएन। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पट्टीकल्याणा में बनाए जा रहे सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र पहुंचे। प्रांत संघचालक पवन जिंदल ने उन्हें डिजिटल नक्शे के माध्यम से केंद्र के निर्माण की विस्तार से जानकारी दी। वह मंगलवार को कुरुक्षेत्र से दिल्ली जाते समय 30 मिनट यहां रुके।
उन्होंने सेवा केंद्र के पदाधिकारियों से बंद कमरे में मंत्रणा भी की। मीडियाकर्मियों ने उनसे नागरिकता संशोधन बिल पर प्रश्न पूछे। वह बिना जवाब दिए ही निकल गए।
करीब 24 एकड़ में बन रहा है केंद्र
श्री माधव जन सेवा न्यास द्वारा सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। जो करीब 24 एकड़ में है। वर्ष 2018 में 9 जून को संघ प्रमुख ने ही केंद्र के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी थी। संघ का ये उत्तर भारत में दूसरा बड़ा मुख्यालय होगा। जहां से न केवल देश की राजधानी दिल्ली नजदीक है, बल्कि हरियाणा के अलावा पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश व जम्मू कश्मीर तक को कवर किया जा सकेगा। केंद्र की 24 एकड़ भूमि में से पांच एकड़ में सभी भवन निर्माण हो रहा है।
खेल मैदान के लिए 16 एकड़ जमीन रखी गई है। फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, कबडडी आदि के खिलाडिय़ों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। तीन एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था होगी। केंद्र का नक्शा नई दिल्ली की डिजाइन वेल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरफ से तैयार किया गया है।