विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानीपत में स्कॉर्पियो की टक्कर से रोहतक-गोहाना हाईवे पर जीजा-साले गंभीर घायल, घर में बेटे के जन्म की खुशी मातम में बदली

Published: Sat, 26 Sep 2026 03:05 PM (IST)

रोहतक-गोहाना हाईवे पर कैथ गांव के पास स्कॉर्पियो ने बाइक सवार जीजा-साले को टक्कर मारी, वे गंभीर घायल हुए।

पानीपत में स्कॉर्पियो की टक्कर से रोहतक-गोहाना हाईवे पर जीजा-साले गंभीर घायल (जागरण फोटो)

पानीपत में स्कॉर्पियो की टक्कर से रोहतक-गोहाना हाईवे पर जीजा-साले गंभीर घायल (जागरण फोटो)

HighLights

  1. स्कॉर्पियो ने रोहतक-गोहाना हाईवे पर बाइक सवारों को टक्कर मारी।

  2. जीजा-साले कृष्ण और महेश गंभीर घायल, पीजीआई रोहतक रेफर।

  3. बेटे के जन्म की खुशी मातम में बदली, बाइक 100 मीटर घसीटी।

जागरण संवाददाता, इसराना। रोहतक-गोहाना नेशनल हाईवे पर कैथ गांव के चौक के पास शुक्रवार को सड़क पार कर रहे बाइक सवार जीजा-साले को स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक स्कॉर्पियो के नीचे फंस गई और कार उसे करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए डिवाइडर तक ले गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।


घायलों की पहचान कैथ निवासी कृष्ण (23) और नारनौल निवासी महेश के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक परिवार के साथ शाहपुर से गोहाना की ओर जा रहा था। कैथ चौक पर दोनों युवक बाइक से सड़क पार कर रहे थे।

इसी दौरान स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने दोनों को महिला मेडिकल कालेज खानपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल विक्की ने बताया कि स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

बेटे के जन्म की खुशी में घर पर चल रहा था कार्यक्रम

हादसे की सूचना मिलते ही कृष्ण के घर में खुशी का माहौल मातम में बदल गया। स्वजन ने बताया कि कृष्ण के घर 12 दिन पहले बेटे का जन्म हुआ था। इसी खुशी में रिश्तेदार पीलिया लेकर घर पहुंचे थे, परिवार में कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान हादसे की सूचना मिली।

कृष्ण का करीब दो वर्ष का एक बेटा पहले से है। 12 दिन पहले उसके दूसरे बेटे का जन्म हुआ था। स्वजन ने बताया कि कृष्ण की बहन के घर करीब 20 दिन पहले दूसरे बेटे का जन्म हुआ था। कुछ दिन पहले कृष्ण बहन के घर खुशी में पीलिया लेकर गया था। अब कृष्ण के घर बेटे के जन्म की खुशी में महेश पीलिया लेकर आया था। परिवार के कई रिश्तेदार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन हादसे की खबर से खुशियां मातम में बदल गईं।