नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, पति-पत्नी को कुचल कर कार खेतों में जा पलटी
यमुनानगर में नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा हुआ है। ओवरस्पीड कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। अनियंत्रित कार खेतों में जा पलटी।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। सहारनपुर अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर गति से आ रही कार ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जीरी के खेत में पलट गई। टक्कर से कार व बाइक के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोग जब घटनास्थल पर पहुंचे, तो दंपती की मौत हो चुकी थी। हालांकि कार चालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसके फरार होने की बात कह रही है।
कैत निवासी 45 वर्षीय करण ङ्क्षसह पत्नी 40 वर्षीय रीटा के साथ बाइक पर झगुड़ी में अपनी बहन के पास जा रहा था। जब वह राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव मंडौली के पास पहुंचे, तभी गति से कार आई और उन्हें टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ऊपर उछली और उस पर बैठे दंपती आगे जा गिरे। कार उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और आगे अनियंत्रित होकर पलट गई। जब तक आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और दंपती को देखा, तो उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
चौराहे पर रूके हुए थे बाइक सवार दंपती
प्रत्यक्षदर्शी योगेश कुमार, राहुल ने बताया कि मंडौली में चौराहा पड़ता है। बाइक सवार हाईवे पर चढऩे से पहले चौराहे पर रूके हुए थे, ताकि हाईवे से गुजर रहे वाहन निकल जाए। इसी दौरान सहारनपुर की ओर से गति में कार आई और सीधा बाइक सवारों को टक्कर मारी। कार की गति भी करीब 100 की रही होगी। जैसे ही टक्कर लगी, तो बाइक सवार पहले उछले और फिर सड़क पर गिरे। अनियंत्रित कार ने उन्हें कुचल दिया। इसी दौरान बाइक कार में फंस गई, तो कार अनियंत्रित हो गई और आगे कई पलटी खाते हुए जीरी के खेत में जा गिरी। कार भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जब वह भागकर पहुंचे, तो पहले बाइक सवारों को देखा। उनकी मौत हो चुकी थी। जब कार के पास गए, तो कार में कोई नहीं मिला। इतनी खतरनाक दुर्घटना होने के बाद भी कार चालक कहां गया, यह पता नहीं लग सका।
दंपती के दो बच्चे, भाई के भी दो बच्चों की जिम्मेदारी इन पर
करण की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी। आठ साल की बेटी पूजा और 12 साल की बेटा नितिन हैं। मृतक के भाई रामपाल ने रोते हुए बताया कि उनकी पत्नी की बीमारी की वजह से काफी पहले मौत हो चुकी है। उनके पास दो बेटे हैं। उनकी भी देखरेख करण व उसकी पत्नी रीटा ही करती थी। हमारा तो पूरा घर ही बर्बाद हो गया।
कलानौर चौकी इंचार्ज राजेंद्र कुमार ने बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया। मौके पर क्षतिग्रस्त कार मिली, लेकिन उसके चालक का पता नहीं लगा। कार नंबर के आधार पर आरोपित का पता लगाया जा रहा है।