रेखा ने बताई नई कहानी, पति ने ही बेटा-बेटी को गला घोंटकर मारा
दो बच्चों की हत्या और पति के साथ आत्मत्या का प्रयास के मामले में पत्नी रेखा ने पुलिस को दिये बयान में सबकुछ के लिए पति को जिम्मेदार ठहराया।
जागरण संवददाता, पानीपत : 12 जुलाई की शाम 4:30 बजे रितेश गर्ग ने बेटे वंश (15) और बेटी पुष्टि (10) को गला घोंटकर मार दिया था। यह रहस्योद्घाटन रेखा ने पुलिस को दिए बयान में किया है। रेखा ने बताया कि रितेश उसे आगे वाले कमरे में ले गया। वहां पर बेटा-बेटी अचेत थे। उसने पति से कहा कि बच्चे इतनी जल्दी सो गए हैं। इस पर रितेश ने कहा कि ये अब कभी नहीं उठेंगे। इन्हें सदा के लिए सुला दिया है। वह चिल्लाई तो पति ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद उसे जबरन पहले से ही तैयार दो में से एक फंदे पर लटका दिया और दूसरे पर खुद झूल गया वह फंदे की गांठ खुलने से नीचे गिरी और माथा फर्श पर लगा। इसके बाद वह बेहोश हो गई।
रेखा ने पुलिस को बताया कि उसका पति रितेश गर्ग आठ साल से मानसिक रूप से बीमार था। उसका इलाज चल रहा था। पति हंसता था तो हंसता ही रहता था। रोता था तो रोता ही रहता था। पिछले बुधवार को रेखा का पथरी का ऑपरेशन हुआ था। वह कमरे में सो रही थी। उसे आभास नहीं था कि पति बच्चों की जान ले लेगा। वह पति के चंगुल से छूटकर भाग नहीं पाई, क्योंकि दर्द था। चिल्ला भी नहीं पाई उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था। थाना चांदनी बाग प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि बच्चों का बिसरा मधुबन लैब भेज रखा है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि हत्या से पहले उन्हें जहर दिया गया था या नहीं। इस मामले में रेखा की भूमिका थी या नहीं इसकी साइंटिफिक तरीके से जांच की जा रही है। स्क्रैप कारोबारी रितेश की पत्नी रेखा की हालत में अब सुधार है।