Move to Jagran APP

बागी भाजपा सांसद सैनी ने बनाई नई पार्टी, अभिनेता राजपाल यादव भी आए साथ

भाजपा के बागी सांसद राजकुमार सैनी ने लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के नाम से अलग दल का गठन किया है। उन्होंने आज पानीपत में पहला जन अधिवेशन किया।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Sun, 02 Sep 2018 03:22 PM (IST)Updated: Mon, 03 Sep 2018 08:43 AM (IST)
बागी भाजपा सांसद सैनी ने बनाई नई पार्टी, अभिनेता राजपाल यादव भी आए साथ
बागी भाजपा सांसद सैनी ने बनाई नई पार्टी, अभिनेता राजपाल यादव भी आए साथ

जेएनएन, पानीपत। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद राजकुमार सैनी ने आखिरकार अलग राजनीतिक राह पकड़ ली। भाजपा से बिना इस्तीफा दिए पानीपत में समानता रैली कर लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी का शंखनाद कर दिया। पूर्व में जाटों के खिलाफ बोलने वाले सांसद ने रैली में जाति विशेष जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। इस दौरान वह कांग्रेस और भाजपा पर जमकर बरसे। रैली के दौरान हास्य कलाकार राजपाल यादव भी सैनी के साथ नजर आए।

loksabha election banner

सेक्टर 13-17 के रामलीला मैदान में आयोजित रैली में 25 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटाकर उन्होंने अपनी रणनीति भी जाहिर कर दी। राजकुमार सैनी ने कहा कि देश की राजनीति में परिवारवाद हावी है। पूरे देश को 200-250 परिवार चला रहे हैं। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने गरीबी हटाओ-बेरोजगारी घटाओ का नारा दिया था। 72 साल बाद भी यही दोहराया जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल, भजनलाल, देवीलाल, ओमप्रकाश चौटाला और भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम लेते हुए सांसद सैनी ने कहा कि पिछड़ा वर्ग का सबसे ज्यादा नुकसान इन्होंने ही किया। सिर्फ 10 फीसद आबादी वाली जाति विशेष को 52 फीसद नौकरी दे दी गई। 90 फीसद जनसंख्या वाली अन्य सभी जातियों के हिस्से 48 फीसद नौकरियां आईं। इनमें भी चतुर्थ श्रेणी की नौकरी ज्यादा थीं।

जाट आरक्षण और हुड्डा पर साधा निशाना

आरक्षण के मुद्दे पर सांसद सैनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा भूतपूर्व सीएम बंसीलाल की राजनीति को खत्म कर सभी जाटों को अपने पक्ष में करना चाहते थे। इसलिए आरक्षण दिया गया। मगर सुप्रीम कोर्ट ने आरक्षण पर रोक लगा दी। भाजपा जैसी बड़ी पार्टी वोटों के दबाव में जाटों को आरक्षण देने को आतुर थी, विरोध करने वाला अकेला राजकुमार सैनी रहा। हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। आरक्षण के नाम पर प्रदेश में आगजनी, हत्याएं हुई बहू-बेटियों की अस्मत लूटी गई, किसने किया अब वह सीडी के रूप में सामने आने लगा है।

पार्टी के पहले अधिवेशन के दौरान यज्ञ करते पार्टी नेता।

ताकतवर कौम के आगे भाजपा नतमस्तक

राजकुमार सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 के चुनावों में भाजपा को पिछड़ा वर्ग की 90 फीसद वोट मिले। हिस्सा देने की बारी आई तो ताकतवर कौम के आगे नतमस्तक हो गई।

नए चेहरे होंगे चुनावी मैदान में

सैनी ने कहा कि लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी एक-दो को छोड़कर नए चेहरों को चुनाव के मैदान में उतारेगी। इससे पूर्व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीपाल सैनी ने पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश यादव, उपाध्यक्ष राम राजी शर्मा, कोषाध्यक्ष मंजीत पांचाल, प्रदेश अध्यक्ष रमेश राव, पूर्व विधायक भरत ङ्क्षसह छौक्कर, कृष्ण काम्बोज, पानीपत जिलाध्यक्ष रितेश शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।

इन मुद्दों पर लड़ेंगे चुनाव

  • जनसंख्या के अनुपात में 100 फीसद आरक्षण करेंगे।
  • एक परिवार-एक रोजगार।
  • हम दो-हमारे दो।
  • राज्यसभा जैसी व्यवस्था को खत्म करवाना।

राजपाल यादव बोले- लोकतंत्र बचाने के लिए आया हूं रैली में

राजपाल यादव ने कहा कि वे अभिनेता के रूप में पानीपत नहीं आए हैं। लोकतंत्र को बचाने के लिए इस रैली में आए हैं। सांसद ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोक सुरक्षा पार्टी बनाई है। सबके सहयोग लोकतंत्र को और मजबूत बनाएंगे। रैली के लिए बनाया गया पंडाल छोटा पड़ गया। बारिश के बावजूद पंडाल से ज्यादा लोग बाहर खड़े हैं।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.