शादी का झांसा देकर डांस टीचर से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर किया इनकार; नेवी में तैनात युवक पर गंभीर आरोप
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2019 में उसकी मुलाकात मध्य प्रदेश निवासी युवक से टिकटाक के माध्यम से ...और पढ़ें
-1788974266066_m.webp)
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म। सांकेतिक फोटो
जागरण संवाददाता, पानीपत। निजी स्कूल की डांस टीचर ने नेवी में तैनात एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, जून 2023 में युवक ने उसके परिवार के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद वह कई बार शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा।
मार्च 2025 में गोवा और मई 2026 में दिल्ली के एक होटल में भी उसके साथ संबंध बनाने का आरोप है। पीड़िता ने जब खुद के तीन महीने की गर्भवती होने की जानकारी दी तो युवक ने शादी से इन्कार कर दिया और गर्भपात कराने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। समालखा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी का रखा प्रस्ताव
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2019 में उसकी मुलाकात मध्य प्रदेश निवासी युवक से टिकटाक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और युवक लगातार उसके संपर्क में रहा। जून 2023 में जन्मदिन पर वह उसके पानीपत स्थित घर आया और परिवार के सामने शादी का प्रस्ताव रखा।
आरोप है कि दो-तीन दिन घर पर रहने के दौरान उसने शादी का भरोसा देकर पहली बार उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद भी नेवी से छुट्टी लेकर आने पर वह उसके घर रुकता और शादी का भरोसा देता रहा।
चोट लगने की बात कहकर गोवा बुलाया
शिकायत के अनुसार, मार्च 2025 में युवक ने खुद को चोट लगने की बात कहकर पीड़िता को गोवा बुलाया। आरोप है कि होटल में कई दिनों तक रखकर उसने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए।
दिल्ली के होटल में तीन दिन रहने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, 28 मई 2026 को युवक ने उसे पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन बुलाया। वहां से वह उसे एक होटल ले गया। आरोप है कि होटल में रखकर उसने शादी का भरोसा दिया और संबंध बनाए। गर्भवती होने की जानकारी देने पर युवक ने शादी से इन्कार कर दिया और गर्भपात का दबाव बनाया।
