नीरज चोपड़ा के घर पानीपत पहुंचे राकेश टिकैत, किसान आंदोलन पर कुछ नहीं बोले
नीरज चोपड़ा ने जबसे टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता है उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इसी कड़ी में किसान नेता राकेश टिकैत भी पानीपत नीरज चोपड़ा के घर पहुंचे उन्हें बधाई देने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने किसान आंदोलन पर बोलने से इन्कार कर दिया।
संवाद सहयोगी, थर्मल (पानीपत)। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत वीरवार शाम सात बजे मतलौडा के गांव खंडरा पहुंचे। यहां ओलिंपिक मेडल विजेता नीरज चोपड़ा के घर पहुंचे। पिता सतीश और दादा धर्म सिंह चोपड़ा को स्वर्ण पदक की बधाई दी। दोनों को फूलों की माला पहनाई। इस दौरान किसान आंदोलन पर बोलने से उन्होंने इन्कार कर दिया।
नीरज चोपड़ा पूरे देश के बेटे हैं: राकेश टिकैत
टिकैत ने कहा कि नीरज चोपड़ा किसी एक के नहीं, पूरे देश के बेटे हैं। किसान के बेटे ने ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीत कर देश का नाम दुनिया में रोशन किया है। अगर हमारे देश में सिफारशी पहलवानों को मौका न देकर योग्यता के आधार पर चयन किया जाए तो गोल्ड मेडलों की संख्या बढ़ जाएगी। हालात सुधरने में समय लगेगा। हम देश के नीरज चोपड़ा के घर किसान बन कर आए हैं। यह कोई राजनैतिक मंच नहीं है।
मराठों की शान नीरज चोपड़ा: वीरेंद्र मराठा
मराठा जागृति मंच हरियाणा के अध्यक्ष वीरेंद्र मराठा गांव खंडरा में नीरज चोपड़ा के परिवार को बधाई देने पहुंचे। यहां पर उन्होंने नीरज के दादा धर्म सिंह चोपड़ा को फूलों की माला पहनाई। वीरेंद्र मराठा ने कहा कि नीरज ने देश के लिए वह करके दिखाया है, जिसका देश को वर्षों से इंतजार था। उन्होंने नीरज चोपड़ा को मराठों की शान बताते हुए कहा कि नीरज ने इतिहास रचा है। इतिहास के पन्नों पर नीरज का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। नीरज ने भाला फेंक कर पूरी दुनिया को जीतने का काम किया है। पहले मराठे राष्ट्र की रक्षा के लिए लड़े थे। आज नीरज ने देश का तिरंगा पूरे विश्व में लहरा दिया है। ग्रामीण युवाओं ने छत्रपति शिवाजी की जय के नारे लगाए।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें