हरियाणा भाजपा प्रभारी ने कहा, चार दूल्हे मंच पर बाकी सब बराती Panipat News
आर्य पीजी कॉलेज में संगठन के पदाधिकारी और पन्ना शक्ति केंद्र प्रमुखों की बैठक के लिए हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. अनिल जैन पहुंचे।
पानीपत, [अरविन्द झा]। सीट एक, दावेदार 10 हैं। चुनाव एक ही प्रत्याशी लड़ेगा। वही हमारे लिए राम, कृष्ण और गुरु नानक देव होगा। मंच पर चार दूल्हे हो सकते हैं। दूल्हा कौन होगा वो न मुझे पता है न आपको। बाकी सब बराती होंगे, जो उन्हें जिताएंगे। यह बातें आर्य पीजी कॉलेज में शुक्रवार को संगठन के पदाधिकारी और पन्ना शक्ति केंद्र प्रमुखों की बैठक में हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. अनिल जैन ने कही। राज्यसभा सदस्य अनिल जैन ने कहा कि एक क्षेत्र में कई-कई दावेदार हैं। जीत के प्रति आश्वस्त भी हैं। एक को टिकट मिलेगा तो नौ को लगेगा कि निर्णय ठीक नहीं हुआ है। चुनाव समिति प्रत्याशियों का निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में करती है। सुप्रीम कोर्ट में एक बार निर्णय हो जाने पर मुंशी के कोर्ट में फरियाद नहीं कर सकते हैं। संगठन जो निर्णय लेगा हम उसे हंसकर मानेंगे। प्रत्याशी को जिताने का काम करेंगे।
विजय संकल्प रैली 8 को रोहतक में
डॉ. अनिल जैन ने कहा कि सीएम मनोहर लाल जन आशीर्वाद यात्रा कर रहे हैं। इस यात्रा का समापन 8 सितंबर को रोहतक में होगा। विधानसभा चुनाव से पहले रोहतक में इसी दिन विजय संकल्प रैली रखी गई है। प्रधानमंत्री इस रैली को संबोधित करेंगे। पानीपत के शहरी विधानसभा में 2800, ग्रामीण में 3700, समालखा में 3400 और इसराना में 2700 पन्ना प्रमुख हैं। रैली में 12000 पन्ना प्रमुख उपस्थित रहेंगे। लेकिन इससे काम नहीं चलेगा। चारों विधानसभा से पन्न प्रमुखों को लगा कर 32000 हजार कार्यकर्ता होने चाहिए।
की-वोटरों के पांच-दस हजार वोट
ऑडिटोरियम में मौजूद कार्यकर्ताओं से डॉ. जैन ने पूछा कि की-वोटरों कौन होते हैं। सबने चुप्पी साध ली। उन्होंने बताया कि एनजीओ प्रमुख, सहकारी समिति प्रमुख, हारने-जीतने वाले सरपंच, नंबरदार, चौकीदार, रिटायर्ड ब्यूरोक्रेट, शहीद परिवार, टीचर, कीर्तन मंडली और सेना के अधिकारी ये सब इस श्रेणी में आते हैं। की वोटर पांच से दस हजार वोट प्रभावित करते हैं।
कार्यकर्ताओं की ली हाजिरी
बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से किया। संगठन के महामंत्री सुरेश भट्ट ने बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालने वाले कार्यकर्ताओं को खड़ा करा कर हाजिरी ली। उपस्थिति कम होने पर पार्टी पदाधिकारियों को चेताया। समालखा से शत-प्रतिशत उपस्थिति होने पर तालियां बजवाई। मंच का संचालन देवेंद्र दत्ता ने किया। इस अवसर पर विधायक रोहिता रेवड़ी, महीपाल ढांडा, प्रमोद विज व प्रदेश सचिव सत्यवान शेरा मौजूद थे।