पानीपत में जिंदगी की गाड़ी थमने नहीं दी, झुग्गियों में पहुंचाया राशन
कोरोना काल में लॉकडाउन के दौरान जब लोगों के पास राशन की कमी होने लगी तो पानीपत के राजीव मलिक ने कमान संभाली। पानीपत के राजीव मलिक ने झुग्गियों में राशन पहुंचाया। राशन की किट बनाकर सौंपीं। घर से रोजाना छह सौ लोगों का खाना बनवाया।
पानीपत, जेएनएन। बत्रा कालोनी। यहां फैक्ट्री में काम करने वाले कामगार ज्यादा रहते हैं। रोजाना कमाने वाले। रोजाना खाने वाले। लाकडाउन की वजह से फैक्ट्रियां बंद हो गईं तो राशन की समस्या खड़ी हो गई। कुछ लोगों ने पैदल ही अपने प्रदेश जाने की तैयारी कर ली। कुछ परिवारों को जाते देखा तो माडल टाउन के राजीव मलिक ने इनसे बात की।
इन मजदूरों ने कहा, अगर राशन होता तो क्यों जाते। उसी समय राजीव ने अपनी गाड़ी राशन की दुकान की तरफ मोड़ी। ठान लिया, अपनी ओर से जितना हो सकेगा, सूखा राशन बांटेंगे। बत्रा कालोनी, फ्लाईओवर के नीचे तिकोना पार्क के साथ और हाली पार्क की तरफ झुग्गियों को उन्होंने गोद लिया। दरअसल, इन झुग्गियों में रहने वाले रोज मजदूरी करते हैं, रोज अपने लिए खाने का इंतजाम करते हैं। इनके ऊपर तो जैसे पहाड़ टूट पड़ा। लकड़ी जलाकर चूल्हा जलाने वालों के घर आटा और चावल नहीं था। मलिक ने पांच किलो आटा, चावल, तेल, मसालों की किट बनाईं। करीब दो हजार किट इन्होंने अलग-अलग जगह सौंपी।
राजीव मलिक।
दवाइयों का इंतजाम किया
राशन तो कई संस्थाएं दे रही थीं। पर उन दिनों मेडिकल स्टोर पर जाना भी आसान नहीं था। इन्होंने केमिस्ट एसोसिएशन के साथ मिलकर झुग्गियों ने जरूरी दवाइयां भी पहुंचाईं ताकि किसी इमरजेंसी में कोई दिक्कत न आए।
घर पर रोजाना छह सौ लोगों का लंगर बनवाया
राजीव मलिक ने बताया कि माडल टाउन में उनका घर है। सूखा राशन के अलावा उन्होंने घर से लंगर भी बनवाया। रोजाना छह सौ लोगों का खाना बनता। विभिन्न समाजसेवी संगठनों की मदद से इस खाने को बाहरी कालोनियों में बंटवाते। गणपति अपार्टमेंट सोसाइटी के सदस्यों ने भी इसमें सहयोग किया।
दोनों व्यापार मंडल के साथ सेवा की
शहर में दो व्यापार मंडल हैं। एक संयुक्त व्यापार मंडल और दूसरी संयुक्त व्यापार मंडल समिति। दोनों ही संस्थाओं ने अलग-अलग जगह लंगर सेवा शुरू की। इंसार बाजार स्थित बाबा लालजी मंदिर और गीता कालोनी स्थित गीता मंदिर की धर्मशाला में लंगर बनाया गया। रोजाना बीस हजार लोगों के लिए पैकेट बनाए जाते। इन दोनों ही जगहों पर राजीव मलिक ने राशन पहुंचाया।