Pulse Polio campaign: पानीपत में पल्स पोलियो अभियान 26 से 28 तक, कोविड गाइडलाइन का करें पालन
पानीपत में पल्स पोलियो अभियान 26 सिंबर से शुरू किया जा रहा है। वहीं सिविल सर्जन ने वैक्सीनेटर्स को सख्त निर्देश दिए हैं। निर्देश में साफ है कि पल्स पोलियो अभियान के दौरान कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया जाए।
पानीपत, जागरण संवाददाता। भारत सरकार के निर्देशों की अनुपालना करते हुए पोलियो सब नेशनल राउंड पानीपत में 26 सितंबर से शुरू होगा और 28 तक चलेगा। शून्य से पांच साल के करीब दो लाख बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। सिविल सर्जन डा. जितेंद्र कादियान ने वैक्सीनेटर्स को सख्त निर्देश दिए हैं कि कोविड-19 गाइडलाइन का पालन किया जाए।
उन्होंने बताया कि 26 सितंबर से पहले सेक्टर-12, सेक्टर-25 व माडल टाउन एरिया में प्री-एक्टिविटी कराई जाएगी। तीन दिवसीय पोलियो अभियान को लेकर चार और दो सदस्यीय करीब 700 टीमें बनाई जाएंगी। सभी को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। पहले दिन बूथों पर, बाकी दिन टीमें डोर-टू-डोर बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाएंगी। हाई रिस्क एरिया जैसे कंस्ट्रक्शन साइट्स, झुग्गी बस्ती, ईंट भट्ठा सहित बाहरी कालोनियों पर अधिक फोकस रहेगा। आशा-आंगनबाड़ी वर्कर्स, बहु उद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी, वैक्सीनेटर्स की ड्यूटी लगाई निर्धारित की जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल आफिसर और पोलियो अभियान के नोडल अधिकारी को सुपरवाइजर बनाया गया है।
शिक्षकों सहित सामाजिक संगठनों की ली जाएगी मदद
शिक्षकों सहित सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों की बतौर वालियंटर मदद ली जाएगी। सुपरवाइजर का काम अभियान का सुचारू संचालन के साथ कोविड-19 की गाइडलाइन की धरातल पर मानिटरिंग करना होगा। पानीपत के अलावा प्रदेश के 13 जिलों में सब नेशनल राउंड चलेगा।
इन 13 जिलों में अभियान
पोलियो का सब नेशनल राउंड प्रदेश के 13 जिलों में चलाया जाएगा। इन जिलों में यमुना बैल्ट के अधिक जिले हैं। पानीपत, अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मेवात, करनाल, कुरुक्षेत्र, झज्जर, रोहतक, पंचकूला, पलवल, सोनीपत और यमुनानगर शामिल हैं।
अभिभावकों की भूमिका अहम
सिविल सर्जन ने अभिभावकों के नाम अपील में कहा कि बच्चों को मास्क पहनाकर ही बूथों पर लेकर पहुंचें। खुद भी मास्क अवश्य पहनें। बूथों पर दो गज की शारीरिक दूरी बनाए रखें। साथ ही अगर कोई कर्मी भी लापरवाही बरतता है तो इसकी शिकायत कर सकते हैं।