जैन चौक पर प्रदर्शन, पुलिस के पहुंचने पर हंगामा
दिन भर हाई प्रोफाइल ड्रामा चलता रहा। पुलिस के पहुंचने पर आंदोलन कर लोगों में और अधिक जोश देखा गया। लोगों ने सांसद पार्षदों के खिलाफ नारेबाजी की।
जागरण संवाददाता, पानीपत : जैन चौक पर गंदे पानी की निकासी को लेकर धरना दिया गया। माडल टाउन पुलिस धरना समाप्त करवाने के लिए पहुंची। धरना दे रहे लोगों की वीडियोग्राफी भी करवाई गई, लेकिन धरना पर बैठे लोग नहीं उठे। लोगों ने पुलिस अधिकारियों की समस्या की दिखाई। दिन भर हाई प्रोफाइल ड्रामा चलता रहा। पुलिस के पहुंचने पर आंदोलन कर लोगों में और अधिक जोश देखा गया। लोगों ने सांसद, पार्षदों के खिलाफ नारेबाजी की।
इससे पहले भी सितंबर माह में जैन चौक पर पानी की निकासी को लेकर आठ दिनों तक धरना प्रदर्शन चला था, उस समय पार्षद दुष्यंत भट्ट ने आश्वासन दिया था कि 15 दिनों में समस्या हल हो जाएगी, लेकिन समस्या का हल नहीं निकाला। धरने पर बैठे सुशील शर्मा ने बताया कि दो वार्डो के पार्षदों की खींचातानी के बीच पानी की निकासी नहीं हो रही। जैन चौक से आगे वार्ड 25 में गंदे पानी के नाले में रोक लगा दी है। ईटों की रोक लगाई गई है। पानी आगे जाने के स्थान पर बैक मार रहा है। सड़क पर पानी जमा है। जब विरोध करते हैं तो पंप लगाकर पानी निकाल दिया जाता है। फिर वही स्थिति बन जाती है। जैन चौक से आगे नाला की गहराई 5 फूट है। नाले की रोक हटाई जाए। इसका लेवल चैक कर इसे नाले को जोड़ा जाए। तभी पानी की निकासी हो सकती है। पहले यह वार्ड 24 था। इस वार्ड के पार्षद हाल ही में सीनियर डिप्टी मेयर बने दुष्यंत भट्ट थे। तब कोई समस्या नहीं बनी। जबसे वार्ड 25-26 बना है तब से समस्या है। हमारी कालोनी वार्ड 26 में चली गई है। वार्ड के लोग लिखित शिकायत दे चुके हैं। हमें पुलिस ने मामला दर्ज करने की धमकी भी दी है। आठ कालोनी का पानी सेक्टर 6 फाटक से लेकर कच्चा फाटक काबड़ी तक बने नाले में डाला जाता है। जो जैन चौक के बाद वार्ड 25 में रोक दिया गया है। विधायक, मेयर पार्षद सुनवाई नहीं कर रहे। रोष प्रदर्शन करने वालों में सुशील शर्मा, दीपक, प्रेम चंद, सुरेश, सत्यप्रकाश, विनोद, सुभाष शर्मा मौजूद रहे।