Pulwama terror attack: सड़कों पर हिंदुस्तान, पैरों तले पाकिस्तान
पुलवामा में आतंकी हमले के विरोध में लोग जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं। सड़क से सोशल मीडिया तक गुस्से के कई रूप देखने को मिल रहे। पाकिस्तान का झंडा लोगों के पैरों तले रौंदा जा रहा।
पानीपत, जेएनएन। पुलवामा में आंतकी हमले के खिलाफ लोगों में गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सीआरपीएफ के जवानों पर हमले का चौतरफा विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। शहर समेत जिले की कॉलोनियों व कस्बों में आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी कर पाकिस्तान का जगह-जगह पुतला फूंका। वहीं सेक्टरवासियों ने गुस्से का अनोखा तरीका अपनाया है। उन्होंने पाकिस्तान को पैरों तले ला दिया है। पढि़ए ये रिपोर्ट...।
पानीपत के सेक्टर-24 के भारत माता चौक पर सेक्टरवासियों और रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मिलकर सड़क पर पाकिस्तान का झंडा बनाया। एकजुटता दिखाते हुए सभी ने करीब आधे घंटे में ट्रैफिक को रोककर चौराहे पर झंडा बनाया और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि इससे पाकिस्तान के पीएम को शर्म आनी चाहिए।
आतंकवाद बर्दाश्त नहीं
स्थानीय लोगों ने कहा कि अभी तक हिंदुस्तान के लोगों ने आतंकवाद को बर्दाश्त किया। पाकिस्तान की हरकतों को नजरअंदाज किया। जब बात हमारे जवानों की जिंदगी के साथ खेला जा रहा है तो पाकिस्तान को नहीं छोड़ा जाना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य रूप से आरएडब्ल्यू के प्रधान कवल सिंह सहारण, पवन बंसल, उप प्रधान कौशल शर्मा, सचिव सोनू सिंह, दिनेश नारंग, सतीश जांगड़ा, प्रवीन, सियाराम, सुरेश जिंदल, डॉ. भूपेंदर, शिवम, फौजी कर्मवीर भी मौजूद रहे।
सड़क पर पेंट से बनाया झंडा
भारत माता चौराहे पर लोगों ने पाकिस्तान का झंडे को पेंट किया गया है। यह झंडा चौराहे के बीचोंबीच बनाया गया है। इस झंडे के ऊपर से बस, ऑटो रिक्शा, कारें, टूव्हीलर और पैदल चलते हुए लोग जा रहे हैं।