पोते को खिलाने की ख्वाहिश पर फूट-फूटकर रोया ससुर, हुई कुछ ऐसी अनहोनी
सहेली की मां ने ताना मारा तो चार माह गर्भवती ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुत्रवधू की मौत की खबर मिलते ही ससुर खुद को संभाल नहीं सके। दादा बनने से पहले मिले गम से वह सदमे में चले गए।
पानीपत, जेएनएन। विराट नगर निवासी एक नव विवाहिता ने शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी। वह चार माह की गर्भवती थी। पति का आरोप है कि सहेली की मां के ताने से आहत होकर उसने यह कदम उठाया। देर शाम तक मृतका का भाई पानीपत नहीं पहुंचा, जिस कारण पोस्टमार्टम नहीं हो पाया।
विराट नगर के शुभम ने बताया कि पिछले साल फरवरी में उसने सावन पार्क कॉलोनी की प्रीति (22) से लव मैरिज की थी। बृहस्पतिवार को प्रीति चौधरी अस्पताल के पास रहने वाली सहेली के घर गई। सहेली का कुछ समय से चाल-चलन ठीक नहीं था। उसे किसी संकट से बचाने के लिए प्रीति उसकी मां के पास गई।
चाल चलन पर उठाए सवाल
बात बताने पर सहेली की मां उल्टे उसको डांटने लगी और शादी से पहले उसके चाल-चलन पर सवाल उठा दिए। वहां से लौटी तो काफी मायूस थी। शुक्रवार सुबह घरेलू कामकाज करने के बाद वह छत पर चली गई। वहां चुन्नी का फंदा लगा जान दे दी। काफी देर तक प्रीति नीचे नहीं आई तो वह उसे देखने ऊपर गया। छत पर बने कमरे में उसका शव फंदे पर झूलता मिला।
प्रीति का फाइल फोटो।
दादा बनने से पहले खोई संतान, फूट-फूट कर रोया ससुर
पिता सोहनलाल ने बताया कि बेटे शुभम की विराट नगर में ही मोबाइल की दुकान थी। वहीं बेटे-बहू की मुलाकात हुई थी। प्रीति के गर्भवती होने पर परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन उसके इस कदम से परिवार तबाह हो गया। दादा बनने से पहले ही उसने पुत्रवधू को भी खो दिया।