जींद में पोल्ट्री फार्मर किशोरी का दो साल तक शारीरिक शोषण, बच्ची को दिया जन्म
हिसार जिले के गांव कोथ कलां का एक पोल्ट्री फार्म संचालक नेपाल मूल की एक किशोरी का लगभग दो साल तक शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान किशोरी गर्भवती हो गई। अब बच्ची को जन्म दिया है।
जींद, जेएनएन। हिसार जिले के गांव कोथ कलां का एक पोल्ट्री फार्म संचालक नेपाल मूल की एक किशोरी का लगभग दो साल तक शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान किशोरी गर्भवती हो गई। जब उसके पिता को पता चला तो आरोपित ने दूसरे व्यक्ति के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। गर्भवती किशोरी ने 5 जुलाई को पीजीआइ रोहतक में बच्ची को जन्म दिया है। महिला थाना प्रभारी शीला रानी ने बताया कि किशोरी से दुराचार नारनौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ है, इसलिए जीरो एफआइआर दर्ज करके हांसी पुलिस को भेज दी है।
नेपाल के एक व्यक्ति ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ हिसार जिले के गांव कोथ कलां के पोल्ट्री फार्म पर लगा हुआ था। पोल्ट्री फार्म पर उसके साथ उसकी 15 वर्षीय बेटी भी रहती है। इसी दौरान पोल्ट्री फार्मर अनिल ने उसकी बेटी के साथ दुराचार किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपित लगभग दो साल उसकी बेटी का शारीरिक शोषण करता रहा। जब उसकी बेटी गर्भवती हुई तो उसके बारे में पता चला।
जब उसने आरोपित अनिल का विरोध किया तो उसने महाबीर नाम के व्यक्ति के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से निकाल दिया। इसके बाद वह जींद के सदर थाना क्षेत्र के एक पोल्ट्री फार्म पर काम करने लगे और आरोपितों के डर के चलते किसी को नहीं बताया। 5 जुलाई को उसकी बेटी ने पीजीआइ रोहतक में बच्ची को जन्म दिया। महिला थाना पुलिस ने आरोपित अनिल व महाबीर के खिलाफ जीरो एफआइआर दर्ज करके हांसी पुलिस को भेज दी।