विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 13, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

निकासी वाले नालों पर कब्जा, सफाई में हो रही बाधा

By JagranEdited By:
Published: Sat, 13 Nov 2021 09:06 PM (IST)

पालिका क्षेत्र में गंदे पानी की निकासी वाले नाले-नालियों पर स्थाई कब्जा से सफाई में बाधा आ रही है। गंदे ...और पढ़ें

निकासी वाले नालों पर कब्जा, सफाई में हो रही बाधा
निकासी वाले नालों पर कब्जा, सफाई में हो रही बाधा

जागरण संवाददाता, समालखा : पालिका क्षेत्र में गंदे पानी की निकासी वाले नाले-नालियों पर स्थाई कब्जा से सफाई में बाधा आ रही है। गंदे पानी के अटके रहने से बदबू आती है। नाले का वजूद संकट में है। रास्ते का बरसाती पानी भी उसमें नहीं जा पाता है। नाले से गुजर रही सप्लाई पानी की पाइपों की मरम्मत में जनस्वास्थ्य के ठेकेदार को परेशानी होती है। नगरपालिका अधिकारी के संज्ञान में समस्या होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है।

नगरपालिका अधिकारी और कर्मचारियों की अनदेखी लोगों पर भारी पड़ रही है। इनके नाक के नीचे नाले-नालियों और रास्ते पर कब्जे हो रहे हैं, लेकिन विवाद के डर से ये कार्रवाई नहीं करते हैं। रास्ता सिकुड़ रहा है। सफाई कर्मियों के पास कब्जे का बहाना है। आसपास के लोग भी खुलकर विरोध नहीं करते हैं। एक-दूसरे की देखादेखी स्थाई कब्जे की संख्या बढ़ती जा रही है। कर्मचारी चंद नालों की सफाई कर अपना काम पूरा कर लेते हैं। मुख्य बाजार क्षेत्र में भी समस्या

रेलवे रोड पर दुकानों के आगे नाले पर पौड़ी व थड़ बना देने से हल्की बारिश में पानी रास्ते पर जमा रहता है। नाले में नहीं जा पाता है। पालिका कर्मचारियों को निकासी के लिए एड़ी-चोटी की जोर लगानी पड़ती है। निजी फायदे के लिए दुकानदारों ने ऐसा कर रखा है। सालों से नहीं हो सकी है सफाई

रेलवे और पुराना थाना रोड के नालों पर स्थाई कब्जे से सालों से सफाई नहीं हो सकी है। नाले में दो से तीन फीट सिल्ट जमा है। जुगाड़ से भी कर्मचारी उसकी सफाई नहीं कर पाते हैं। कब्जा प्रतिदिन बढ़ रहा है, लेकिन कोई रोकने का सुध नहीं ले रहा है। निकासी और सप्लाई पानी में गंदगी की समस्या

पुराना थाना रोड के राजेश बंसल, महावीर, संजय, रमन कहते हैं कि उनके यहां नाले से पानी की पाइप लाइन गुजर रही है। लाइन के पुराने होने से लीकेज होती है। पाइपों के नाले में होने से लीकेज का पता नहीं चलता है। लोग गंदा पानी पीने को मजबूर होते हैं। पालिका सफाई निरीक्षक विकास नरवाल कहते हैं कि उन्होंने अधिकारी को मामले से अवगत करा दिया है।