पार्षदों की दोहरी सियासत, टैक्स पास करवाकर अब विरोध में उतरे
महावीर गोयल, पानीपत : शहर में पार्षदों की दोहरी सियासत चल रही है। पहले तो ट्रेड टैक्
महावीर गोयल, पानीपत :
शहर में पार्षदों की दोहरी सियासत चल रही है। पहले तो ट्रेड टैक्स लाइसेंस के नोटिस जारी करने के लिए सदन में प्रस्ताव पास किया और अब विरोध भी कर रहे हैं। दरअसल, व्यापारियों ने टैक्स का विरोध किया तो पार्षद अब इन व्यापारियों के साथ खड़े हो गए हैं। सवाल उठ रहा है कि पहले इन पार्षदों ने क्यों प्रस्ताव पास होने दिया। दिलचस्प तो ये है कि कुछ पार्षदों का कहना है कि उन्हें इसके संदर्भ में ज्यादा पता नहीं था। सवाल है कि अगर बिना कुछ जाने ही प्रस्ताव पास हो जाते हैं तो वे वार्ड का विकास किस तरह करवा रहे हैं।
पार्षदों का कार्यकाल एक वर्ष बचा है। विपक्षी दल कांग्रेस नेता वीरेंद्र शाह भी मुद्दे की तलाश में है। वह व्यापारियों का सहयोग, समर्थन देने की बात करते है।
ट्रेड लाइसेंस टैक्स भाजपा के लिए भी गले ही हड्डी बनता जा रहा है। कांग्रेस पार्षदों के साथ-साथ भाजपा के पार्षदों को भी इसका विरोध करना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि इसका प्रस्ताव पास ही क्यों किया गया।
क्या-क्या कहा पार्षदों ने
निगम ट्रेड लाइसेंस टैक्स वापस ले : हरीश
प्रस्ताव पारित करते समय हम समझ नहीं पाए थे। अब पता चला है कि यह व्यापारियों पर बोझ है। हम व्यापारियों के साथ हैं। आम गरीब लोगों पर इसका बोझ नहीं पड़ना चाहिए। निगम इस टैक्स को वापस ले।
हरीश शर्मा, पार्षद, वार्ड 3
असमंजस वाला मुद्दा रहा : लोकेश
सदन में यह मुद्दा मेयर ने रखा था। इसके समर्थन को लेकर कंफ्यूजन रहा। पार्षदों ने इसे समर्थन नहीं दिया था। हम व्यापारियों के साथ हैं। जैसा व्यापारी चाहेंगे। वैसा ही हम करेंगे। इसे वापस लिया जाना चाहिए।
लोकेश नांगरू, भाजपा पार्षद
पहले से लागू है ट्रेड लाइसेंस टैक्स : दहिया
ट्रेड लाइसेंस टैक्स पहले से लागू है। पहले जिस किसी को एनओसी लेनी होती थी, वह लाइसेंस फीस कटवाता था। अब इसकी दरें बढ़ा दी गई हैं, जिस कारण विरोध हो रहा है। विकास के लिए निगम की आय में बढ़ोतरी तो होनी चाहिए। हाउस टैक्स भी लोगों की तरफ बकाया खड़ा है।
संजीव दहिया, भाजपा पार्षद
----------
हमने न सदन में समर्थन दिया न अब दे रहे : कादियान
हमने न तो सदन में ट्रेड लाइसेंस टैक्स के मुद्दे का पास किया था। अब भी हम समर्थन नहीं दे रहे है। इसे वापस लिया जाना चाहिए।
मंजू कादियान, पार्षद
--------
हमने नहीं किया इसे पास : बठला
हमने सदन में इस प्रस्ताव को पास नहीं किया था। हमारा अब भी विरोध जारी है। किसी भी हाल में लोगों का नुकसान नहीं होने देंगे।
सुभाष बठला, सीनियर डिप्टी मेयर काजल बठला के पति
----------
कांग्रेसी कर रहे हैं विरोध, व्यापारी नहीं : पाहवा
ट्रेड लाइसेंस टैक्स का विरोध कांग्रेसी कर रहे हैं। व्यापारी विरोध नहीं कर रहे। यह पैसे पानीपत के विकास पर ही खर्च होना है। आयुक्त को अपने घर नहीं ले जाने। इसे दान समझ कर व्यापारियों को देना चाहिए। इससे शहर का विकास ही होगा।
सीमा पाहवा, डिप्टी मेयर
------------------
सदन में पास नहीं, फिर लागू क्यों : भूपेंद्र
24 जुलाई को नगर निगम हाउस की बैठक हुई थी। उसकी प्रोसिडिंग आज तक नहीं लिखी गई। तीन दिन में यह लिखी जानी चाहिए। सदन की बैठक की शुरुआत में हाजरी पर हस्ताक्षर करवाए जाते हैं। ट्रेड लाइसेंस टैक्स का प्रस्ताव पास ही नहीं किया गया, इसे लागू क्यों किया जा रहा है। यह फालतू के टैक्स लगने नहीं चाहिए। सरकार लोगों को राहत दे। हम आम जनता के साथ हैं।
भूपेंद्र सिंह, पूर्व मेयर
---
कोई मुद्दा पास नहीं किया : नारंग
हमने सदन की बैठक में ऐसे किसी प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया। शाल मार्केट एसोसिएशन के प्रधान होने के नाते हम ट्रेड लाइसेंस टैक्स का विरोध करेंगे।
अशोक नारंग, भाजपा पार्षद
--
मेरे नेता का बयान मेरा बयान है : मेरे नेता वीरेंद्र शाह का ट्रेड लाइसेंस टैक्स को लेकर जो बयान है वही मेरा बयान है। मैं भी व्यापारियों को समर्थन देता हूं। सदन में निकाय विभाग के निदेशक के आदेश को परिपालना करते हुए प्रस्ताव पास किया गया था। नगर निगम का मेयर होने के नाते निगम की आय बढ़ाने का मेरा फर्ज है। उसी नाते से इस प्रस्ताव को पास करवाया गया था। अब मेरे नेता वीरेंद्र शाह इसके विरोध में हैं तो मैं भी इसके विरोध में हूं।
सुरेश वर्मा, मेयर, नगर निगम पानीपत।