हनी ट्रैप में फंसाया, कोरोना पॉजिटिव हुई तो भागी, तलाश कर रही पुलिस
जागरण संवाददाता पानीपत हनी ट्रैप में फंसाकर 30 लाख रुपये वसूलने की आरोपित महिला कोरो
जागरण संवाददाता, पानीपत : हनी ट्रैप में फंसाकर 30 लाख रुपये वसूलने की आरोपित महिला कोरोना पॉजिटिव हो गई। उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कालेज में पुलिस ने भर्ती करा दिया। वहां से महिला फरार हो गई। पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। करनाल पुलिस दोपहर को ही पानीपत के सनौली थाना पहुंची। वहां से महिला के संभावित ठिकानों का पता लगाया। महिला पहले बिझौल, अपनी बहन के पास जींद और सोनीपत में रह रही थी। वहां पर करनाल पुलिस छापामारी कर रही है। इस कार्रवाई में पानीपत पुलिस भी सहयोग कर रही है।
हवलदार और दो दुकानदारों पर दर्ज हुआ था केस
कांग्रेस के जिला को-ऑर्डिनेटर सुनील बिझौल के मकान में महिला किराये पर रहती थी। महिला ने आरोप लगाया था कि सनौली थाने के हवलदार और सनौली के दो दुकानदारों ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर सामूहिक दुष्कर्म किया। सनौली थाने में केस दर्ज किया गया। इस दौरान महिला ने समझौते की एवज में आरोपितों से 30 लाख रुपये वसूल लिए। इसमें सुनील बिझौल भी शामिल था। एसआइटी (स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम) ने महिला, उसके ननदोई और सुनील बिझौल को गिरफ्तार किया। सुनील और ननदोई को पानीपत, महिला को करनाल जेल भेज दिया था।
------------
हनी ट्रैप मामले में आरोपित महिला के पति व एक अन्य की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
वीरेंद्र सैनी, डीएसपी।