लॉकडाउन में सीज किए गए वाहनों ने बढ़ाई पुलिस की परेशानी
हरियाणा में लॉकडाउन में सीज किए गए वाहनों ने पुलिस की परेशानी की बढ़ा दी है। यमुनानगर के थाने में कई ऐसे वाहन खड़े हैं जिन्हें मालिक नहीं लेने आ रहे हैं। जबकि जुर्माना मात्र 500 रुपये किया जा चुकाहै।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान सीज किए गए वाहनों ने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है। जुर्माना कम किए जाने के बावजूद लोग इन्हें लेने नहीं आ रहे हैं। जिस वजह से थानों में खड़े यह वाहन खराब हो रहे हैं। साथ ही थानों में जगह की भी कमी पड़ रही है। लॉकडाउन में पुलिस ने करीब 900 वाहनों को सीज किया था। इनमें दुपहिया वाहन अधिक हैं। अब इन्हें वापस लेने के लिए लोग कम ही आ रहे हैं।
लॉकडाउन के दौरान बाहर निकलने वालों पर पुलिस ने काफी सख्ती बरती। बाइक या कार में जो भी कोई बाहर दिखा, उसका चालान किया गया। चालान भी भारी भरकम हुआ। कुछ बाइकों को चालान उसकी कीमत से अधिक हुआ। किसी का 20 हजार, तो किसी का 30 हजार रुपये का चालान हुआ। चालान न भुगतने पर इन बाइकों को सीज किया गया। जिस वजह से लोग इन वाहनों को लेने ही नहीं आए। थानों में पड़े यह वाहन भीड़ बढ़ा रहे हैं।
23 मार्च से 31 मई तक पकड़े गए वाहनों के लिए छूट
पिछले दिनों सरकार ने आदेश दिए कि 23 मार्च से 31 मई तक काटे गए वाहनों के चालान मामूली कीमत पर भुगते जाएंगे। इसके तहत यदि दुपहिया वाहन है, तो उसके लिए मात्र 500 रुपये और यदि चौपहिया वाहन है, तो उसके लिए 1000 रुपये का जुर्माना भरना होगा। आरटीए कार्यालय में यह जुर्माना जमा कर रिलीज ऑर्डर दिए जाएंगे।
28 हजार का चालान हुआ था बाइक का
बैंक कालोनी के विशाल ने बताया कि उसकी बाइक का 28 हजार रुपये का चालान हुआ था। बाइक की कीमत मात्र 17 हजार रुपये के लगभग थी। इतने पैसे जमा करने से अच्छा है कि वह दूसरी बाइक लेगा। इसी तरह से गांधीनगर निवासी राजकुमार ने बताया कि उसकी बाइक का चालान हुआ था। यह करीब 20 हजार की थी। चालान 15 हजार रुपये का हुआ था। थानों के चक्कर काटने से अच्छा कुछ पैसे और मिलाकर दूसरी बाइक ले ली।
900 वाहन पकड़े, छूटे अभी 600
पुलिस ने करीब 900 वाहनों को पकड़ा। इनमें अधिकतर दुपहिया ही थे। चौपहिया वाहनों को मालिक जुर्माना भरकर छुड़ा ले गए। ट्रैफिक थाना पुलिस ने 600 वाहनों को पकड़ा था। इनमें से 530 वाहन ही लोगों ने छुड़वाए। अन्य अभी थाने में खड़े हैं। इसी तरह से कई अन्य थानों में भी लॉकडाउन के वाहन खड़े हैं।