ट्रेन से आए सीएम, स्टेशन पर लोगों ने खोला समस्याओं का पिटारा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार सुबह कालका शताब्दी ट्रेन से
जागरण संवाददाता, पानीपत : मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार सुबह कालका शताब्दी ट्रेन से 8:55 बजे पहुंचे। स्टेशन परिसर के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं व दैनिक रेल यात्रियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को आदेश दिए। कुछ लोगों ने मेरठ रेल लाइन की मांग रखी। ऑल इंडिया जैन कान्फ्रेंस के राष्ट्रीय मंत्री सुभाष जैन, राजेंद्र जैन सुलेख जैन ने पश्चिम एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र श्री महावीर जी में करने की मांग की। इस मौके पर विधायक महीपाल ढांडा, पूर्व मंत्री कृष्णलाल पंवार, समालखा से शशिकांत कौशिक, कार्यकारी जिलाध्यक्ष देवेंद्र दत्ता मौजूद रहे। सीएम 15 मिनट बाद सड़क मार्ग से करनाल रवाना हो गए। मंडलाध्यक्ष ने लूट के आरोपितों के लिए सीएम को लगाई गुहार
भाजपा के बापौली मंडलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने सीएम मनोहर लाल को न्याय की गुहार लगाई है। सीएम ने एसपी सुमित कुमार से पूरे मामले की रिपोर्ट ली और इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई कर आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश दिए। जितेंद्र वर्मा ने बताया कि वह शनिवार देर शाम को बाइक पर गांव जा रहा था। रसलापुर के पास कार सवार बदमाशों ने हथियार से हमला कर दिया। बदमाश सोने की दो अंगूठी और दो चेन लूट ले भागे। पुलिस और विज के दरबार से हारा पिता सीएम के पास पहुंचा
जाटल रोड आरके पुरम निवासी सुभाष गोस्वामी ने अपने बेटे दीपक को तलाश करने की गुहार सीएम को लगाई। वह जिला कष्ट निवारण समिति के दरबार में मंत्री अनिल विज को गुहार लगा चुके हैं। उन्होंने बताया कि बेटा दीपक का 26 जून 2017 को लापता हो गया था। थाना मॉडल टाउन में केस दर्ज है। पुलिस ने कुछ नहीं किया।