जीजा बैटरी चोर, साला मास्टरमाइंड, इस तरह मिलकर बनाया अंतरराज्यीय गिरोह
सीआइए टू ने अंतरराज्यीय भैंस और बैटरी चोर गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। गिरोह ने करीब 40 वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चोरी की।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत में बैटरी और भैंस चोरी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सीआइए टू ने अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना को बबैल रोड से गिरफ्तार किया है। सरगना ने 40 वारदात कबूल की है। उसने बताया कि पानीपत, करनाल, सोनीपत, यमुनानगर सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। सीआइए जल्द कोर्ट में पेश कर उसका रिमांड लेगी।
सीआइए टू ने 24 फरवरी को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर चंदपुरा गांव के वाकिब को बापरा रोड से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि वाकिब अंतरराज्यीय चोर गिरोह का सदस्य है। सीआइए ने कोर्ट से पांच दिन का रिमांड लिया। वाकिब ने बताया कि उसका साला अलीशान गिरोह का सरगना है।
वारदात की फिराक में था अलीशान
पुलिस ने बताया कि वाकिब की निशानदेही से पता चला कि उत्तर प्रदेश के कैराना गांव गोगवान निवासी अलीशान बबैल रोड पर वारदात की फिराक में था। सीआइए ने दबिश देकर अलीशान को गिरफ्तार कर लिया। अलीशान ने पूछताछ में बताया कि वह अंतरराज्यीय भैंस और बैटरी चोर गिरोह का सरगना है।
12 सदस्यों का गिरोह
पुलिस ने बताया कि मास्टरमाइंड अलीशान ने 12 सदस्यों का गिरोह बनाया। उसने जीजा को भी इसमे शामिल किया। इसके बाद पानीपत, यमुनानगर, सोनीपत, करनाल सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 40 वारदात को अंजाम दिया। इनमे से 20 वारदात पानीपत में की थी। अभी भी 10 सदस्य बदमाश फरार है। अलीशान को रिमांड में लेकर उनका पता लगाया जाएगा।