इस प्लेब्वॉय से जरा बचके, पुलिस को भी है इसकी तलाश
इस प्लेयब्वॉय से जरा बचकर रहिए। अगर आपको कहीं ये मिलता है तो तुरंत इससे दूरी बना लें और पुलिस को सूचना दें। इससे पहले कि यह आपकी हंसती खेलती जिंदगी बर्बाद कर दे। जानिए ऐसा क्यों।
पानीपत, जेएनएन। गुरुग्राम की एक महिला का पति के साथ घरेलू विवाद का फायदा उठाते हुए दुष्कर्म कर चार लाख रुपये ऐंठ लिये। आरोपित प्लेब्वॉय ने खुद को नेवी का अधिकारी बताया और शादी का झांसा देकर तीन बार दुष्कर्म किया। सिटी पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लक्ष्मी नगर की एक महिला ने सिटी पुलिस को बताया कि वह 12 जुलाई 2017 को गोहाना में बेटे का स्पोटर्स में दाखिला दिलाने गई थी। लौटते समय बस में सवार पास वाली सीट पर जींद के भैरोंखेड़ा गांव का राकेश पंडित लैपटॉप लेकर बैठा था। खुद को नेवी का अधिकारी बताया। पहले उसके बेटे और फिर उससे पहचान बढ़ाई। फोन नंबर लेकर उससे बातचीत शुरू कर दी।
महिला पानीपत और गुरुग्राम में तीन से चार बार मिली
उसने खुद का नाम राकेश सरोहा और उसका पता भी गलत बताया। महिला पानीपत और गुरुग्राम में उससे तीन-चार बार मिली। आरोपित राकेश ने 21 अगस्त 2017 को हार्ट अटैक होने की बात बताई। इलाज के नाम पर महिला से रुपये मांगने लगा। धीरे-धीरे कर उससे चार लाख रुपये ठग लिये।
तीन बार किया दुष्कर्म
इस दौरान आरोपित ने तीन बार दुष्कर्म भी किया। देवीलाल पार्क एरिया में भी दुष्कर्म किया। अब आरोपित ने मारने की धमकी देने के बाद महिला का फोन उठाना बंद कर दिया। महिला ने उसके परिचितों के नंबर और उसके बताए पते पर संपर्क किया तो सब गलत मिला।
पति ने ही दिया साथ, तलाक के लिए उकसाता था आरोपित
घटना के बाद महिला काफी परेशान रहने लगी। एक दिन हिम्मत करके पति को आपबीती बताई। पति ने साथ दिया तो महिला ने राकेश के बारे में सुबूत जुटाने शुरू कर दिए। लगभग छह महीने तक नेट पर सर्च किया। आरोपित के बताए पते पर धक्के खाए। कई गांवों में घूमी तो उसे प्लेब्वॉय राकेश के बारे में पता चला। चार-पांच अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह ठगी करने की बात पता चली। वह हमेशा पति से तलाक लेने के लिए कहता था।
किसी और के साथ ऐसा न हो, इसलिए दिखाई हिम्मत
महिला ने बताया कि आरोपित किसी अन्य महिला के साथ ऐसा न करे, इसलिए ही उसने राकेश के खिलाफ सुबूत जुटाने शुरू किए। आखिरी बातचीत में आरोपित ने उसके साथ अभद्र तरीके से बातचीत की। इसके बाद उसने महिला के फोन उठाने बंद कर दिए। किसी और युवती या महिला की जिंदगी खराब न हो, इसलिए महिला ने आरोपित के खिलाफ सुबूत जुटाने शुरू किए थे।
बिकवा दी दुकान, बेटे को पढ़ाना हुआ मुश्किल
महिला ने बताया कि राकेश अक्सर रुपये मांगता था। नहीं देने पर फोन पर बीमारी का बहाना बना रोने लगता। राकेश ने धीरे-धीरे उसके गहने और आयुर्वेदिक दवाइयों की दुकान तक बिकवा दी। बेटे को पढ़ाना भी मुश्किल हो गया। महिला ने राकेश से आर्थिक मदद मांगी। वह बहाने बनाने लगा। खुद को राज्य से बाहर होने की बात कहता था।
जल्द होगी आरोपित की गिरफ्तारी
सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विक्रांत ने बताया कि राकेश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पानीपत आते ही महिला का मेडिकल कराया जाएगा। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।