विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानीपत में पिटबुल का आतंक, बुजुर्ग महिला समेत तीन को काटा; इलाके में दहशत

Published: Wed, 30 Sep 2026 12:53 AM (GMT+05:30)

समालखा के गुलाटी रोड पर एक पिटबुल कुत्ते ने बुजुर्ग महिला सहित तीन लोगों को घायल कर दिया, जिससे बाजार में दहशत फैल गई।

समालखा के गुलाटी रोड पर पिटबुल का आतंक, गुलाटी रोड पर तीन लोग घायल।

समालखा के गुलाटी रोड पर पिटबुल का आतंक, गुलाटी रोड पर तीन लोग घायल।

HighLights

  1. समालखा के गुलाटी रोड पर पिटबुल ने तीन लोगों को काटा।

  2. बुजुर्ग महिला और एक युवक हमले में घायल, बाजार में दहशत।

  3. दुकानदारों ने कुत्ते को भगाया, बाद में दो युवक ले गए।

जागरण संवाददाता, समालखा। शहर के गुलाटी रोड पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पिटबुल के हमले से बुजुर्ग महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। एक युवक जान बचाने के लिए दुकान में घुसा तो कुत्ता उसके पीछे अंदर पहुंच गया और उसे काट लिया।

घटना के बाद बाजार में दहशत फैल गई। दुकानदारों ने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दुकानदारों ने कुत्ते को खदेड़ दिया। घायल भी बिना शिकायत किए वहां से चले गए।

दुकानदार जगत सिंह, विक्रम सहरावत, राजू, सचिन, राजेश, कुलदीप और नवीन ने बताया कि पिटबुल ने पहले बाइक सवार पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद बाजार आई बुजुर्ग महिला को काट लिया। महिला की चीख सुनकर दुकानदार डंडे लेकर कुत्ते के पीछे दौड़े और उसे भगा दिया। करीब 20 मिनट बाद पिटबुल दोबारा आया और एक युवक पर हमला कर दिया।

युवक बचने के लिए दुकान में घुसा, लेकिन कुत्ता वहां भी पहुंच गया। दुकानदारों ने लाठी-डंडों से उसे डराकर भगाया। इसी दौरान स्कूटी पर आए दो युवक पिटबुल को अपने साथ ले गए। दुकानदारों ने उसके मालिक को खरीखोटी सुनाई। चौकी पुलिस के जेडीओ तेजपाल ने बताया कि मामले में अभी किसी ने शिकायत नहीं दी है।

पिटबुल को लेकर पहले जारी हुई थी एडवाइजरी

पशुपालन विभाग के डॉ. शैलेश कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के पशु कल्याण बोर्ड ने कई महीने पहले पिटबुल को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। इसमें इसकी नई ब्रीडिंग पर रोक लगाने और पुराने पालकों को कुत्ते को मजल, लीज और पट्टा लगाकर घर में रखने के निर्देश दिए गए थे। नगर परिषद के पास इसके पंजीकरण का अधिकार है।