आठ डिग्री तापमान में खुले में रात बिता रहे बेसहारा लोग
पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्र में बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। दिसंबर महीने का प्रथम पखवाड़ा बीतने के बाद तापमान लुढ़क कर आठ डिग्री पर आ गया है।
जागरण संवाददाता, पानीपत : पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्र में बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। दिसंबर महीने का प्रथम पखवाड़ा बीतने के बाद तापमान लुढ़क कर आठ डिग्री पर आ गया है। नगर निगम इन सबके बीच राहगीरों के ठहराव के लिए रेन बसेरों का कोई प्रबंध नहीं कर सका है। अधिकारी सुस्त हैं। ठिठुरन बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जान जोखिम में लेकर खुले आसमान के नीचे रात बीता रहे हैं। दैनिक जागरण की टीम ने सोमवार रात 10 बजे जीटी रोड, रेलवे रोड व बस स्टैंड का दौरा किया। लोग खुले आसमान के नीचे अलाव जला कर ठंड से बचने का प्रयास करते दिखाई दिए। संजय चौक : जीटी रोड पर संजय चौक के आसपास दर्जनों बेसहारा लोग फुटपाथ पर जिदगी गुजारते हैं। रात में दस बजे 12-13 डिग्री तापमान में लोग आग तापते दिखाई दिए। लोगों ने बताया कि रैन बसेरा की सुविधा न होने से ऐसे ही रात बिताते हैं। रेलवे रोड यू टर्न : रेलवे रोड के सामने यू टर्न है। बेसहारा लोग इस जगह को अपना आश्रय स्थल बना रखा है। एक कंबल के सहारे रात गुजार देते हैं। अलाव की व्यवस्था न होने से ठंड में परेशानी बढ़ गई है। ट्रेन सफर करने वाली महिलाएं व छोटे बच्चे भी यहां आश्रय लेते हैं। इस बार नहीं बना रैन बसरा
नगर निगम हर सीजन में तीन रेन बसेरे तैयार करता था, लेकिन अब तक एक भी रेन बसेरा तैयार नहीं किया जा सका है। निगम अधिकारियों का कहना है कि हाउस की बैठक में पार्षदों ने रैन बसेरा बनाने से इंकार कर दिया था। इसके चलते अब तक फैसला नहीं लिया जा सका है। शहर में रैन बसेरा बनाने की मांग उठने लगी है। यहां पर बनाए जाते थे रेन बसेरे
बस स्टैंड के सामने अस्थायी रैन बसेरा बनाया जाता था। निगम ने बीते वर्ष 2018 में इसे बनाया था। इसके अलावा रेलवे रोड पर तोताराम धर्मशाला और सनौली रोड स्थित ओल्ड ऐज होम में रैन बसेरा बनाया जाता है। वर्जन :
रैन बसेरों को लेकर अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी है। ठंड को देखते हुए जल्द ही रेलवे रोड और वार्ड-10 में स्थायी रेन बसेरे शुरू किए जाएंगे।
ओमप्रकाश, कमिश्नर, नगर निगम।