मीट की अवैध दुकानें सील करने पर तनातनी, टीम को पूर्व मेयर ने रोका Panipat News
मीट की अवैध दुकानों को सील करने पहुंची निगम अमले के साथ लोग उलझ गए। इसी बीच पूर्व मेयर ने कार्रवाई करने से अधिकारियों को रोका।
पानीपत, जेएनएन। मीट की अवैध दुकानों को सील करने पहुंचे नगर निगम अमले और प्रशासनिक दस्ते को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। इमाम साहब इलाके में दुकानें सील करने लगे तो महिलाओं ने जाटल रोड को जाम कर दिया। महिला पुलिस के बिना पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने महिला पुलिस बल को बुलाया। पूर्व मेयर भूपेंद्र सिंह ने स्थानीय लोगों के समर्थन में उतर आए और दुकान बंद करने के लिए समय मांगा। अधिकारियों को करीब दो घंटे चले विरोध के बाद बैरंग लौटना पड़ा।
एक दर्जन से अधिक दुकानें
नगर निगम के एक्सईएन उमर फारुख ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार की अगुवाई में गोहाना रोड शास्त्री कॉलोनी और जाटल रोड इमाम साहब में करीब एक दर्जन से अधिक दुकानों को सील करने की कार्रवाई दोपहर 2 बजे शुरू की। सबसे पहले शास्त्री कॉलोनी में 8-9 दुकानों को सील करने पहुंची। यहां 5 दुकानों को आसानी से सील कर दिया। स्थानीय लोग इसके विरोध में उतर आए।
महिलाएं विरोध में बैठीं
निगम की टीम बाकी दुकानों को सील नहीं कर सकी। यहां से 3:30 बजे जाटल रोड इमाम साहब में पहुंचे। यहां मकानों में दुकान बनाई थी। नगर निगम ने दुकानों को सील करना शुरू किया तो महिलाएं जाटल रोड पर आकर बैठ गई। अधिकारियों ने उनको समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे उठने को तैयार नहीं हुई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने महिला पुलिसबल को बुलाया।
पूर्व मेयर ने दुकानदारों की तरफ से दिया भरोसा
पूर्व मेयर भूपेंद्र सिंह सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कहा कि वे मकान में ही दुकान बनाकर अपना गुजर बसर कर रहे हैं। नगर निगम अब उनकी आय के साधन भी बंद कर रहा है। दुकान सील होने से उनके मकान भी बंद हो जाएंगे। पूर्व मेयर ने निगम अधिकारियों के सामने उनकी बात रखी। अधिकारियों ने दुकान बंद करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया।