नहर में मगरमच्छ के वायरल वीडियो ने डराया, सच पर पर्दा
गोहाना रोड की नहर का एक वीडियो सामने आया है। फोटो भी सोशल मीडिया पर चल रही हैं। इसमें मगरमच्छ दिख रहा है। लोगों को सावधान किया जा रहा है। यह असली है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
जागरण संवाददाता, पानीपत - नहर का एक वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह नहर पानीपत के गोहाना रोड से होकर गुजरती है। यह तो सही है कि गोहाना रोड पर नहर है लेकिन इस बात की पुष्टि नहीं हो रही कि यह वीडियो इसी नहर का है। दरअसल, वीडियो में एक मगरमच्छ दिखाई दे रहा है। वायरल ये किया गया है कि ये मगरमच्छ अब पानीपत की नहर में आ गया है। तो, जो कोई भी उधर से गुजरे, जरा संभलकर ही निकले। नहर में कूदने या गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है।
समाजसेवी गौरव लीखा के फेसबुक पर पोस्ट इस वीडियो के बारे में जानने के लिए जब दैनिक जागरण ने उनसे बात की तो उन्होंने कहा कि इस वीडियो और फोटो की सच्चाई की पुष्टि अभी की जानी है। उनके एक मित्र ने उन्हें यह वीडियो और फोटो दिया था। वह खुद मौके पर जाकर देखना चाहते हैं। सच्चाई जानने के बाद ही इसकी पुष्टि कर सकेंगे। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि मगरमच्छ भले ही नहर में हो या न हो, लोगों को यहां नहाना नहीं चाहिए, क्योंकि पिछले दिनों नहर में डूबने से होने वाली मौत की संख्या में इजाफा हो रहा है। अगर सभी सावधान रहेंगे तो हादसा नहीं होगा।
फेसबुक पर टिप्पणियां
मनीष - देखकर अच्छा लग रहा है। पानी थोड़ा साफ है। कोई दूसरा स्पॉट नहीं दिख रहा। हालांकि यह तस्वीर साफ नहीं है पर ये इंडियन मगरमच्छ या घडि़याल नहीं लग रहा।
पंपी - ये तो गौरव को दशहरे की बधाई देने आया है।
प्रवीण - यस, पानीपत का ही है।
शक्ति सिंह - सावधान, जो शहर में हैं।