पट्टीकल्याणा की नीरज विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में खेलेगी
पट्टीकल्याणा गांव के किसान की बेटी नीरज छौक्कर ने लखनऊ के साईं सेंटर में हुई लड़कियों की सब जूनियर अंडर-17 कुश्ती ट्रायल में पहला स्थान हासिल किया। नीरज इटली में होने वाली अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में दमखम दिखाएगी।
जागरण संवाददाता, पानीपत : पट्टीकल्याणा गांव के किसान की बेटी नीरज छौक्कर ने लखनऊ के साईं सेंटर में हुई लड़कियों की सब जूनियर अंडर-17 कुश्ती ट्रायल में पहला स्थान हासिल किया। नीरज इटली में होने वाली अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में दमखम दिखाएगी।
नीरज पंचकूला में 26 जून को हुई नेशनल रैंकिग कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। 10वीं कक्षा की छात्रा नीरज ने अपनी सफलता का श्रेय कोच कृष्ण छौक्कर, पिता रणदीप छौक्कर व ग्रामीणों को दिया है। नीरज को उनके पट्टीकल्याण गांव में स्थित बाबा ज्ञानी राम अखाड़ा में फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
इस मौके पर नीरज के कोच कृष्ण छौक्कर, गुरु मलखान सिंह खेल कमेटी के प्रधान मांगेराम छौक्कर, हरीश पहलवान, मुकेश पहलवान, अनिल पहलवान, विनोद पहलवान, सतीश शर्मा, रणदीप छौक्कर सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। तीन साल पहले अभ्यास शुरू किया, जीते पदक
कोच कृष्ण छौक्कर ने बताया कि तीन साल पहले नीरज ने उनके अखाड़े में लड़कियों को कुश्ती करते देखा। उन्हीं से प्रेरित होकर नीरज ने अखाड़े में अभ्यास शुरू किया। नीरज पहले भी राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में रजत और कांस्य पदक जीत चुकी है। नीरज के किसान पिता रणदीप छौक्कर ने बताया कि उनकी चार बेटी व एक बेटा है। उसने कभी बेटियों व बेटों में अंतर नहीं समझा। नीरज बेटी को खेलने की पूरी आजादी दी। अब बेटी ने पदक जीतकर परिवार व गांव का नाम रोशन कर दिया है। उम्मीद है कि बेटी विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में भी पदक जीतेगी।