बरसात में भीगते हुए पहुंचे मरीज, डॉक्टर नहीं मिलने पर हुए निराश
अस्पताल प्रशासन की ओर से मरीजों की सुविधा के लिए रजिस्ट्रेशन विडो के ऊपर लगवाया बोर्ड अब उन्हें चुभने लगा है।
जागरण संवाददाता, पानीपत: सिविल अस्पताल में शनिवार की सुबह मरीज बरसात में भीगते हुए पहुंचे, तीन डॉक्टर छुट्टी पर होने के कारण करीब 300 मरीजों को निराश लौटना पड़ा।अल्ट्रासाउंड नहीं होने पर गर्भवती महिलाओं और मरीज भी अस्पताल की अव्यवस्था को कोसते दिखे।
अस्पताल प्रशासन की ओर से मरीजों की सुविधा के लिए रजिस्ट्रेशन विडो के ऊपर लगवाया बोर्ड अब उन्हें चुभने लगा है। इस बोर्ड पर उन चिकित्सकों के नाम लिखे होते हैं जो ओपीडी में नहीं होते या जिनकी ओपीडी पर ताला लटका रहता है। शनिवार को भी बोर्ड पर तीन डॉक्टरों के संबंध में सूचना लिखी दिखी। मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. मोना और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. राघवेंद्र को छुट्टी पर बताया गया। स्त्री रोग विशेषज्ञ के नाम की भी ओपीडी स्लिप नहीं बनाई गई।
अल्ट्रासाउंड कक्ष पर भी ताला लटका दिखा। अस्पताल के एमएस डॉ. आलोक जैन ने बताया कि अवकाश लेना डॉक्टर का अधिकार है, मना नहीं कर सकते। चिकित्सकों का अभाव है, इसलिए ओपीडी पर ताला लटक जाता है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप