पांच सौ का कटा चालान, हजार का कटाने को भी अड़े, जानिये क्यों पुलिस के पीछे दौड़ रहे
पानीपत की घटना। बाइक सवार युवक का मास्क का पांच साल पहले का चालान काट दिया। मास्क का चालान काटने की इतनी हड़बड़ी की पुलिस को तारीख और वर्ष का भी नहीं ध्यान। पिता का नाम भी गलत लिखा। हेलमेट का काटो चालान। भुगतान चाहे ज्यादा करना पड़े।
पानीपत, जेएनएन - पुलिस चालान काटती है तो लोग सिफारिश लेकर पीछे पड़ जाते हैं कि राशि कम हो जाए। पर पानीपत में तो उलटा ही मामला चल रहा है। एक युवक कह रहा है कि उसका पांच सौ का चालान कटा है। चालान एक हजार का काट दो। पर रसीद को ठीक करो। दरअसल, उसका चालान मास्क नहीं लगाने पर काटा गया है। उसने मास्क तो लगाया हुआ था, हेलमेट नहीं पहना था। चालान भी पांच वर्ष पुरानी तारीख से काटा गया है। इसे ठीक कराने के लिए चालान काटने वाले पुलिसकर्मी को ढूंढ रहा है।
पुलिस अपने टारगेट पूरा करने के लिए हड़बड़ी में चालान कर रही है। एक अनोखा वाकया अनाज मंडी के कट के पास हुआ। बाइक चालक ने मास्क पहन रखा था लेकिन हेलमेट उसने हैंडिल में टांग रखा था। पुलिसकर्मी ने हेलमेट की बजाय मास्क का चालान काटा दिया और इस पर तारीख 20 अक्टूबर 2015 डाल दी। पिता का नाम भी गलत डाल दिया। पीड़ित अब इस चालान को लेकर चक्कर काट रहा है।
फोन आने पर उतारा हेलमेट
तहसील कैंप के रमेश नगर के काका ने बताया कि वह देवी मंदिर के पास राकेश को कपड़ों के शोरूम पर काम करता है। वह बाइक से किसी काम से अनाज मंडी की तरफ गया था। कट के पास उसके पास किसी की काल आ गई। उसने हेलमेट बाइक के हैंडिल में टांग दिया। इसी दौरान पुलिसकर्मी ने उसे रोक लिया और मास्क का चालान कर दिया। जबकि उसने मास्क पहन रखा था। उसने पिता का नाम श्यामलाल बताया।
पिता का नाम गलत
इसके बावजूद मास्क का 500 रुपये का चालान काट दिया। पिता का नाम रमेश लिख दिया। वह शोरूम पर आया और मालिक को साथ लेक मौके प गया। वहां पर चालान काटने वाला पुलिसकर्मी नहीं मिला। चालान ही करना था तो हेलमेट का करते। हेलमेट का चालान भले एक हजार का है लेकिन इस तरह पिता का नाम गलत लिख दिया। तारीख भी गलत डाल दी। अन्य पुलिसकर्मी बोले कि ऐसी तो गलती होती रहती है। इस बारे में डीएसपी मुख्यालय सतीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।
कार में हेलमेट का चालान कट चुका है
पानीपत पुलिस ऐसे अनोखे कारनामे करती रहती है। इससे पहले एक युवक का चालान काटा गया था। वह कार चला रहा था लेकिन उसका चालान काट दिया कि उसने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। युवक का कहना था कि क्या हेलमेट पहनकर कार चलाने का नया नियम जारी हुआ है। उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई थी। उसे चालान का भुगतान करना ही पड़ा।