VIDEO: पानीपत में 7 फीट गहरे नाले में गिरा मासूम, देवदूत बनकर आए युवक ने बचाई जान; तीन महीने में चौथी घटना
पानीपत में दूसरी कक्षा का एक छात्र 7 फीट गहरे खुले नाले में गिर गया, जिसे आसपास के लोगों ने ...और पढ़ें
HighLights
पानीपत में छात्र ऋतिक 7 फीट गहरे नाले में गिरा
आसपास के लोगों ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला
लापरवाही पर जूनियर इंजीनियर निलंबित, जांच कमेटी गठित
जागरण संवाददाता, पानीपत। वार्ड-3 में देवी मंदिर के पास राधा फैक्ट्री के नजदीक वीरवार दोपहर करीब डेढ़ बजे दूसरी कक्षा का छात्र ऋतिक खुले नाले में गिर गया। स्कूल से घर लौट रहे बच्चे को आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।
करीब सात फीट गहरे नाले में बच्चे के गिरने की घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। इस क्षेत्र में तीन महीने के दौरान खुले नाले और गड्ढों में गिरने की यह चौथी घटना है। लगातार हादसों से नाराज शहरवासियों ने नगर निगम, प्रशासन और नेताओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
लोगों का कहना है आए दिन हादसों के बाद भी काम लटकाया जा रहा है। नगर निगम, प्रशासन और नेताओं को शर्म आनी चाहिए। लोगों ने ऐसे व्यंग्य वायरल भी किए हैं। मामले में नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज राव ने कनिष्ठ अभियंता (जेई) परमिंदर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्रथम दृष्टया नाले पर आवश्यक स्लैब और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करने में लापरवाही सामने आई है। जांच के लिए अतिरिक्त निगम आयुक्त विवेक की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। इसमें एक्सईएन नवीन और एसडीओ वीरेंद्र मलिक शामिल हैं। कमेटी को एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपनी होगी।
एक साल से अधूरा पड़ा नाला, सड़क और सीवर का काम
देवी मंदिर से वधावा राम चौक होते हुए बरसत रोड तक नाला, सड़क और सीवर लाइन का काम एक साल से अधिक समय से लटका है। इसी क्षेत्र में अगस्त में एक महिला खुले नाले में गिर गई थी, जिसे दुकानदारों ने बचाया था। सितंबर में भी खुले गड्ढे में बाइक सवारों के गिरने की घटनाएं सामने आई थीं।
पहले हुए हादसों के बाद जेई को निलंबित करने, एसडीओ और एक्सईएन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने तथा निर्माण एजेंसी पर 10 लाख रुपये जुर्माना लगाने के आदेश दिए गए थे। एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू हुई थी।
नगर निगम के अनुसार, स्थानीय निवासियों और डेयरी संचालकों के विरोध तथा नई पेयजल पाइपलाइन की मांग के कारण काम प्रभावित है। निगम ने सुरक्षा व्यवस्था की जांच और निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग व जालियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। लगातार हादसों के बावजूद समस्या बनी रहने से सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानिये अब तक हुई घटनाओं के बारे में:
- नाले में महिला के गिरने का वीडियो 21 अगस्त को वायरल हुआ था। देवी मंदिर रोड पर ही महिला पानी और कचरे से भरे खुले और टूटे नाले में गिरी थी।
- बरसत रोड पर गड्ढे में बाइक सवार युवकों के गिरने की चार सितंबर को हुई थी। परशुराम कालोनी और विकास नगर क्षेत्र खुदे पड़े गहरे गड्ढे में 2 बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर गिरे थे। इस घटना के बाद आयुक्त ने संबंधित जेई को निलंबित, एसडीओ और एक्सईएन को चार्जशीट किया था।
- परशुराम कालोनी के पास ही 4 सितंबर की रात में एक युवक गड्ढे में गिरा था। वह मोबाइल पर बात करते हुए चल रहा था।
