पानीपत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, 65 करोड़ रुपये की लागत से बदलेगी तस्वीर
पानीपत रेलवे जंक्शन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 65 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा।
HighLights
पानीपत रेलवे जंक्शन का 65 करोड़ से पुनर्विकास होगा
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी
बुजुर्गों, दिव्यांगों के लिए एस्केलेटर, लिफ्ट की सुविधा
जागरण संवाददाता, पानीपत। पानीपत रेलवे जंक्शन की तस्वीर बदलने की तैयारी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 65 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन भवन का निर्माण किया जाएगा।
स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और प्लेटफार्म तक पहुंचना पहले के मुकाबले अधिक सुविधाजनक होगा। बुधवार को मुख्य परियोजना निदेशक नवीन अग्रवाल निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर पांच सहित अन्य स्थानों का जायजा लिया और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर बनने वाले नए भवन और प्लेटफार्मों से संबंधित योजनाओं को समझा। करीब 65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्टेशन भवन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। परियोजना के तहत यात्रियों की सुविधा और स्टेशन परिसर को आधुनिक स्वरूप देने पर जोर रहेगा।
बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिलेगी राहत
स्टेशन पर एस्केलेटर और लिफ्ट की सुविधा होने से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में परेशानी का सामना करने वाले यात्रियों के लिए प्लेटफार्म तक पहुंचना आसान होगा। वहीं, दिव्यांग यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग से विशेष व्यवस्था की जाएगी, जिससे उन्हें स्टेशन पर आवाजाही में सहूलियत मिल सके।
आधुनिक सुविधाओं से बदलेगा स्टेशन का स्वरूप
पानीपत रेलवे जंक्शन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में स्टेशन का पुनर्विकास होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। नए भवन और प्लेटफार्मों के विकास से स्टेशन परिसर को व्यवस्थित और आधुनिक बनाने की दिशा में काम होगा।
मुख्य परियोजना निदेशक नवीन अग्रवाल ने कहा कि स्टेशन का विकास होने से यात्रियों को लाभ मिलेगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
