विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'तेजाब से सुसाइड' की थ्योरी पर नहीं हुआ यकीन, पानीपत में चिता से विवाहिता का शव उठाकर ले गई पुलिस; ससुराल वाले घिरे

Published: Wed, 30 Sep 2026 01:10 PM (IST)

पानीपत में 20 वर्षीय महिला पूनम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने अंतिम संस्कार से पहले चिता से शव को कब्जे में ले लिया।

मृतक महिला पूनम का फाइल फोटो

मृतक महिला पूनम का फाइल फोटो

HighLights

  1. पानीपत में महिला की संदिग्ध मौत, पुलिस ने अंतिम संस्कार रोका

  2. मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या का आरोप

  3. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई करेगी

जागरण संवाददाता, पानीपत। उझा रोड स्थित साईं कॉलोनी में 20 वर्षीय महिला पूनम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्वजन बुधवार सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस श्मशान घाट पहुंच गई और चिता पर रखे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।

मायका पक्ष ने पूनम के ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

पूनम के पति विशु के मुताबिक, दोनों की करीब दो साल पहले शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पूनम का ससुराल पक्ष से मनमुटाव रहता था। विवाद के चलते दोनों पति-पत्नी अलग रह रहे थे।

दो दिन पहले पिया था तेजाब

विशु के अनुसार, दो दिन पहले पूनम ने संदिग्ध परिस्थितियों में रसोई में रखा तेजाब पी लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे रोहतक पीजीआइ में भर्ती कराया गया था। वहां पुलिसकर्मी उसके बयान लेने भी पहुंचे थे। पुलिस द्वारा लिए गए बयानों में पूनम ने गलती से तेजाब पीने की बात कही थी।

इलाज के दौरान मंगलवार रात पूनम की मौत हो गई। इसके बाद बुधवार सुबह शव को घर लाया गया और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी गई।

चिता से शव उठाकर ले गई पुलिस स्वजन श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चिता पर रखे पूनम के शव को कब्जे में लिया और गाड़ी से सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

आरोपों में जुटी पुलिस

पुलिस ने स्वजन को बताया कि पूनम के मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी और उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।