ट्रैफिक बम पर पानीपत
जागरण संवाददाता, पानीपत : ट्रैफिक जाम से जूझ रहे शहर को कैसे राहत दिलाई जाए, इस पर बुल
जागरण संवाददाता, पानीपत :
ट्रैफिक जाम से जूझ रहे शहर को कैसे राहत दिलाई जाए, इस पर बुलाई बैठक में प्रशासन के सबसे वरिष्ठ अधिकारी डीसी भी बेबस दिखे। उन्होंने यहां तक कह दिया कि पानीपत ट्रैफिक बम पर बैठा है। किसी दिन बड़ा जाम विस्फोट होगा। हालांकि इसके बाद उन्होंने अस्थायी समाधान के रास्तों बारे भी बताया।
मौका था होटल गोल्ड में आयोजित हरियाणा चैंबर ऑफ कामर्स की कार्यकारिणी की बैठक का था। बैठक में उद्यमियों में ट्रैफिक, सफाई संबंधी मुद्दे उठाए। उद्यमियों ने इस अवसर पर ट्रैफिक व्यवस्था संबंधी मुद्दा जोर शोर से उठाया था। उद्यमियों ने साफ कहा कि इस समस्या का हल अब बैंडेज से होने वाला नहीं है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का स्थायी हल चाहिए। इस समस्या का स्थाई हल होना चाहिए। सड़क हादसे भी बढ़ते जा रहे हैं। घंटों जाम में फंसना पड़ता है। दुनिया के किसी भी शहर में इस तरह से ट्रैफिक नहीं चलता। औद्योगिक क्षेत्रों में आने जाने के लिए रास्ते नहीं है। शहर की हालत बदतर होती जा रही है
इस पर उपायुक्त ने बताया कि ट्रैफिक सुधार के लिए नहर के साथ-साथ 10 मीटर चौड़ी सड़क बनाने का प्रस्ताव है। रिफाइनरी ने फ्लाईओवर के नीचे इंटर लॉक बिछाने के लिए छह करोड़ रुपये स्वीकृत कर लिए है। फ्लाई ओवर के नीचे सुलभ शौचालय भी बनाए जाएंगे।
प्रदूषण के संदर्भ में उपायुक्त ने कहा कि उद्यमी स्वयं जागरूक हों। जनवरी माह तक ही रंगाई उद्यमियों को जीरो डिस्चार्ज न करने की छूट मिली है। उसके बाद जीरो डिस्चार्ज उद्यमियों का करना होगा। अन्यथा उद्योगों को बंद किया जाएगा।
इससे पूर्व बैठक में जिला उद्योग केंद्र के डायरेक्टर आरके राणा ने नए उद्योगों के समक्ष आ रही समस्याओं की जानकारी ली तथा कहा कि सरकार ने पोर्टल जारी किया है। जिस पर हर समस्या का समाधान किया जाता है। कहां-कहां उद्योग लगाने संबंधी प्रश्न पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि टाउन प्लानिंग से वे स्वयं लिस्ट लेकर उद्यमियों को उपलब्ध करवाएंगे। किस किला नंबर में उद्यमी इंडस्ट्री लगा सकता है। पोर्टल ही सीएलयू के लिए आवेदन किया जा सकता है। हर समाधान उपलब्ध करवाया गया। उद्योग सरकार पर विश्वास करें। नए उद्योग स्थापित करें।
चैंबर की बैठक में किसने क्या कहा
उद्योग सहयोग देने के लिए तैयार
: प्रीतम
हरियाणा चैंबर ऑफ कामर्स के प्रधान सरदार प्रीतम सिंह ने कहा कि पानीपत में काम करने वाला चाहिए। यहां तरक्की करना आसान है। यहां का रहन सहन अच्छा हो। मूलभूत समस्याएं दूर होनी चाहिए। इसके लिए उद्योग भी प्रशासन की मदद को तैयार है।
सबसे बड़ी समस्या ट्रेफिक की समस्या : गर्ग
हरियाणा चैंबर ऑफ कामर्स के संरक्षक पवन गर्ग ने कहा कि सफाई की समस्या से भी बड़ी समस्या ट्रैफिक की समस्या है। फ्लाई ओवर ने शहर को दो भागों में विभक्त कर दिया है। जीटी रोड क्रास करना भी आसान नहीं रहा। उद्योगों में आने जाने की कनेक्टिविटी भी नहीं रही। शहर की सेहत के लिए ट्रैफिक, सफाई तथा प्रदूषण खतरा बने हुए हैं। शहर की इमेज को बनाने के लिए इन समस्याओं से शहर को छुटकारा चाहिए।
डॉक्टर होने के नाते भी आप शहर की सेहत सुधार सकते हैं : राकेश
मंच संचालन कर रहे हरियाणा चैंबर ऑफ कामर्स के महासचिव राकेश गर्ग ने कहा कि उपायुक्त जी डाक्टर भी हैं। यह शहर का सौभाग्य है। डॉक्टर तथा उपायुक्त होने के नाते शहर की सेहत को बचाने का काम सही तरीके से कर सकते हैं।
फ्लाईओवर से कनेक्टिविटी होनी चाहिए : धम्मू
उद्यमी एचएस धम्मू ने फ्लाइ ओवर से शहर की कनेक्टिविटी करने की मांग की। सेक्टर 25 के पास कट खोलने का मुद्दा उठाया। ग्रिल पीछे करने, फ्लाई ओवर के नीचे टाइल बिछाने की बात कही।
फांगिग मशीन चैंबर उपलब्ध करवाए :
सीए इंस्टीट्यूट के प्रधान शशि चढ्डा ने इस अवसर पर कहा कि शहर में बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है। घर-घर में बीमार है। डेंगू, चिकनगुनिया फैल रहा है। चैंबर को फांगिग मशीन उपलब्ध करवानी चाहिए। सड़कों पर गाड़ी धूलती हैं। पानी सड़क पर जमा होता है। नाले-नालियां बंद पड़ी हैं। यह हमारी कमी है। मॉडल टाउन में घरों के बाहर नाले बंद कर दिए गए हैं। सड़कें पानी जमा होने के कारण टूट रही हैं। सामाजिक संगठन, व्यापारिक सगंठन काम करने के लिए तैयार हैं। हमें रहनुमा चाहिए। उपायुक्त यदि हमारी रहनुमाई करें तो फिर समस्याएं हल होंगी।
चौटाला रोड की चौड़ाई बढ़े :
निर्यातक सुखमाल जैन ने कहा कि चौटाला रोड की चौड़ाई बढ़ने की बात थी। उसे बढ़ाया जाना चाहिए। ताकि नए उद्योग लग सके। सड़क चौड़ा करने की जगह भी उपलब्ध है।
कार्यक्रम में मौजूद रह : विष्णु गोयल, धनराज बंसल, मुकेश बंसल, पुरुषोत्तम शर्मा, विभू पालीवाल, विनोद ग्रोवर, सुखमाल जैन, जगदीश जैन, एचएस धम्मू, राजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
उपायुक्त डॉ. चंद्रशेखर खरे ने कहा कि शहर की तीन बड़ी समस्याएं ट्रैफिक, सफाई तथा प्रदूषण संबंधी है। इनमें सबसे गंभीर समस्या ट्रेफिक की बनी हुई है। इन समस्याओं के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ट्रैफिक समस्या का इलाज मुश्किल है। पानीपत छोटा शहर है। आबादी का दबाव ज्यादा है। समस्याओं के हल के लिए लंबे समय की प्लानिंग पर काम करना होगा। बायपास निकलता तो अच्छा होता। यह समस्या नहीं रहती। अब लैंड एक्वायर करना कठिन है। बायपास नहीं निकला जा सकता है। पिछले तीन साल से पूरे देश में नए एक्ट के कारण एक इंच भी जमीन एक्वायर नहीं की गई है।