निगम के वर्क ऑर्डर पर बजट की चिंता भारी
निगम अधिकारियों ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग को लिखा पत्र मेयर के मंजूर कराए 100 करोड़ रुपये जारी करने की मांग की।
जागरण संवाददाता, पानीपत : विधानसभा चुनाव की आचार संहिता में विकास कार्य फंसने के डर से निगम अधिकारियों ने पिछले 15 दिनों में 222 विकास कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी कर दिए। इन कामों पर अनुमानित 123.64 करोड़ की लागत आएगी। वर्क ऑर्डर के बाद अधिकारियों को पेमेंट की चिता सताने लगी है। अधिकारियों ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग से 100 करोड़ रुपये की ग्रांट की मांग की है। निदेशालय ने भी इन कामों की रिपोर्ट मांगी है।
विधानसभा चुनाव की घोषणा किसी भी दिन हो सकती है। इसके साथ ही चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसके बाद विकास कार्यों के नए टेंडर और वर्क ऑर्डर नहीं किए जा सकेंगे। अधिकारी भी चुनाव की तैयारियों में लग जाएंगे। निगम ने शनिवार को विकास कार्यों की सभी आवश्यक कार्रवाई को पूरा कर दिया। कुछ ठेकेदारों ने विकास कार्यों पर काम भी शुरू कर दिया है। मेयर ने •ाुलाई में कराए थे मंजूर
मेयर अवनीत कौर ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिलकर जुलाई महीने में 100 करोड़ रुपये की मंजूरी कराई थी। उन्होंने अपने पत्र में लिखा था कि निगम के अंतर्गत शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाने हैं। विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए बजट की जरूरत है। विधानसभा चुनाव से पहले ग्रांट मिल जाती है तो शहर में विकास कार्य नहीं बंद हो पाएंगे।
रेवड़ी ने 19 करोड़ के 26 विकास कार्यों का शिलान्यास किया
पानीपत शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी ने शनिवार को विभिन्न वार्डों में करीब 19 करोड़ के 26 विकास कार्यों का नारियल तुड़वा कर शिलान्यास किया। वार्ड 23 की वीवर्स कॉलोनी में 99 लाख से बनने वाले रेलवे पार्क, वार्ड-17 में 2.30 करोड़ से आरसीसी का नाला, वार्ड-10 में 5.48 करोड़ में सनौली रोड से गंगापुरी रोड व देवपुरी होते हुए मोहल्ला गौसअली के पास ड्रेन नंबर एक तक नाला बनाया जाएगा।
वर्जन :
निगम क्षेत्र में सभी 222 विकास कार्य शुरू करा दिए हैं। इनके लिए पर्याप्त बजट है। सभी काम समय पर पूरे कराए जाएंगे। ठेकेदारों को पेमेंट की भी दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
ओमप्रकाश, कमिश्नर, नगर निगम।
वर्जन :
शहर में विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री से 100 करोड़ रुपये मंजूर कराए थे। इनमें से कुछ राशि आ गई है। बाकी के लिए अधिकारियों ने पत्र लिखा है। मैं खुद अगले सप्ताह चंडीगढ़ जाऊंगी। बाकी ग्रांट को जारी कराया जाएगा।
अवनीत कौर, मेयर।