बासमती धान से गुलजार हुई पानीपत मंडी, 4171 रुपये प्रति क्विंटल पहुंचा भाव
पानीपत की नई अनाज मंडी में बासमती धान की 1509 किस्म की आवक तेज हो गई है, शुक्रवार को 7000 ...और पढ़ें

पानीपत मंडी में 1509 बासमती धान की बंपर आवक।
HighLights
पानीपत मंडी में बासमती धान 1509 की आवक बढ़ी
बासमती धान का भाव 4171 रुपये प्रति क्विंटल पहुंचा
सर्वर धीमा होने से गेटपास में लग रहा अधिक समय
जागरण संवाददाता, पानीपत। नई अनाज मंडी में बासमती धान की 1509 किस्म की आवक तेज हो गई है। मंडी में शुक्रवार को सात हजार क्विंटल बासमती धान पहुंचा। आढ़तियों के यहां किसानों की फसल की खरीदारी भी शुरू हो गई है। हालांकि, पीआर धान की खरीद अभी शुरू नहीं हुई है।
बढ़ा बासमती धान का भाव
ऐसे में मंडी में केवल बासमती धान ही दिखाई दे रहा है। बासमती का भाव 3900 से 4171 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जो इस बार सबसे ज्यादा रहा। मंडी में सुबह से ही ट्रैक्टर-ट्रालियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, किसान अपनी बासमती धान की फसल लेकर मंडी पहुंच रहे थे, आढ़तियों की ओर से फसल की गुणवत्ता और नमी की जांच के बाद बोली व खरीद की प्रक्रिया की जा रही है।
बढ़े बासमती धान के आवक
बासमती की विभिन्न किस्मों की गुणवत्ता के अनुसार किसानों को भाव मिल रहे हैं। मंडी में आवक बढ़ने के साथ ही आढ़तियों और किसानों की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। अनाज मंडी मार्किट कमेटी के वाइस चेयरमैन बलवान शर्मा ने बताया कि बासमती धान की आवक बढ़ रही है।
सर्वर धीमा होने से गेटपास में लग रहा समय
मंडी में धान की आवक बढ़ने के बीच किसानों और आढ़तियों को गेटपास बनवाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पोर्टल का सर्वर धीमा चलने के कारण एक गेटपास बनाने में करीब 15 मिनट तक का समय लग रहा है।
गेटपास के लिए किसानों को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ पड़ा। सिवाह के किसान रामसिंह ने बताया कि यदि आवक इसी तरह बढ़ती रही और सर्वर की समस्या दूर नहीं हुई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है।
