विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानीपत जीटी रोड पर भीषण हादसा, बाइक-एक्टिवा की टक्कर में दो युवकों की मौत

Published: Wed, 19 Aug 2026 06:13 AM (IST)

पानीपत में जीटी रोड पर बाइक और एक्टिवा की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों, दीपांशु और प्रदीप, की मौत हो गई।

पानीपत जीटी रोड पर भीषण हादसा। सांकेतिक फोटो

पानीपत जीटी रोड पर भीषण हादसा। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. जीटी रोड पर बाइक-एक्टिवा की आमने-सामने टक्कर हुई।

  2. हादसे में 18 वर्षीय दीपांशु और 19 वर्षीय प्रदीप की मौत।

  3. पुलिस ने एक्टिवा चालक के खिलाफ केस दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, पानीपत। सेक्टर-6 के पास कट पर जीटी रोड पर मंगलवार तड़के बाइक और एक्टिवा की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन चालकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान एक्टिवा चालक 18 वर्षीय काबड़ी निवासी दीपांशु और बाइक चालक संजौली निवासी 19 वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई है। सेक्टर-13/17 थाना पुलिस ने बाइक चालक के भाई की शिकायत पर एक्टिवा चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संजौली निवासी कुलदीप ने शिकायत में बताया कि वह तीन बहन-भाई हैं। उसका छोटा भाई प्रदीप नाथ बाइक पर दोस्तों वंश, विक्की और वासिद के साथ जीटी रोड से टोल प्लाजा की ओर जा रहा था। करीब ढाई बजे जब वे सेक्टर-6 के पास पहुंचे तो सामने से एक्टिवा पर तीन युवक आ रहे थे।

शिकायत के अनुसार एक्टिवा चालक गलत दिशा में तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में प्रदीप और दीपांशु घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शवों को स्वजन के हवाले कर दिया।

दोनों निजी कंपनी में करते थे काम

मृतक दीपांशु व प्रदीप किसी निजी कंपनी में काम करते थे। प्रदीप बाइक पर साथियों के साथ सवार होकर टोल की तरफ जा रहा था, जबकि दीपांशु स्कूटी पर सवार होकर साथियों के साथ सेक्टर-छह से पानीपत की ओर आ रहा था। दीपांशु भी तीन बहन भाइयों में दूसरे नंबर पर था।