विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानीपत में किसान के बेटे ने UPSC में लहराया परचम, मोहित मिट्टान ने लास्ट अटेम्प्ट में हासिल की 717वीं रैंक

Published: Sat, 07 Mar 2026 01:13 PM (GMT+05:30)

पानीपत के बड़ौली गांव के मोहित मिट्टान ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में 717वीं रैंक हासिल कर परिवार ...और पढ़ें

किसान के बेटे मोहित ने यूपीएसी में 717वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया मान।

किसान के बेटे मोहित ने यूपीएसी में 717वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया मान।

HighLights

  1. मोहित मिट्टान ने यूपीएससी परीक्षा में 717वीं रैंक हासिल की

  2. पानीपत के बड़ौली गांव के निवासी हैं मोहित मिट्टान

  3. यह उनका अंतिम प्रयास था, ऑनलाइन तैयारी से मिली सफलता

जागरण संवाददाता, पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के गांव बड़ौली के रहने वाले मोहित मिट्टान ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 717वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। मोहित ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही सरकारी स्कूल से प्राप्त की।

उन्होंने पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई गांव में ही की, जिसके बाद छठी कक्षा में पानीपत स्थित आर्य बाल भारती स्कूल में दाखिला लिया। यहीं से उन्होंने 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की। हाल ही में उन्होंने एमएससी की परीक्षा भी दी है।

अंतिम प्रयास में पाई सफलता

मोहित ने बताया कि यूपीएससी के लिए यह उनका अंतिम प्रयास था। इससे पहले भी उन्होंने परीक्षा दी थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते रहे और सफलता हासिल की।

मोहित ने अपनी तैयारी मुख्य रूप से ऑनलाइन माध्यम से की। बताया कि पहले के प्रयासों में असफलता मिलने के कारण उनका आत्मविश्वास कुछ कम हो गया था, लेकिन परिवार के सहयोग और हौसला बढ़ाने से उन्होंने दोबारा पूरी मेहनत के साथ तैयारी शुरू की और अंततः सफलता हासिल की।

पिता करते हैं खेती

मोहित के पिता ओमप्रकाश किसान हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है। इसके बावजूद उन्होंने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। उनके पिता ने उनकी पढ़ाई के लिए लोन लेकर भी सहयोग किया। उनकी माता गृहिणी हैं और घर की जिम्मेदारियां संभालते हुए हमेशा उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित करती रहीं। मोहित का एक जुड़वा भाई भी है, जो फिलहाल पढ़ाई कर रहा है।