पानीपत के चुलकाना में बस अड्डे पर विवाद में चले तेजधार हथियार, एक की मौत, एक गंभीर
पानीपत के चुलकाना में बस अड्डे पर विवाद हो गया। तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। मामला रविवार देर रात का है। इसमें एक युवक को गंभीर चोट आई जिसे अस्पताल में भर्ती कराा गया जहां उसकी मौत हो गई।
समालखा (पानीपत), जागरण संवाददाता। समालखा के गांव चुलकाना में रविवार की रात किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद में जमकर गंडासी आदि तेजधार हथियार चले। इसमें गंभीर चोट आने पर राकेश उर्फ शिवजी की मौत हो गई। जबकि आशू उर्फ मुच्छा गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया। घटना गांव के मैन अड्डे की बताई जा रही है।
वहीं डायल 112 के जरिये सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद समालखा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और आस पास के लोगों व मृतक के स्वजनों से पूछताछ की। विवाद के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है। जानकारी के मुताबिक राकेश उर्फ शिवजी व आशू उर्फ मुच्छा रविवार को रात नौ बजे के करीब बाइक लेकर घूम रहे थे।
गांव के मैन अड्डे पर उनका किसी बात को लेकर गांव के ही युवकों के साथ विवाद हो गया। पहले कहासुनी और हाथापाई हुई। इसके बाद विवाद बढ़ा तो तेजधार हथियारों से हुए हमले में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए।स्वजनों दोनों को आनन फानन में स्थायी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टर ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि आशू को गंभीर हालात के चलते रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। जिसे स्वजनों ने पानीपत के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में लगी है।