बार्डर पार कराने का झांसा दे महिला से घिनौनी हरकत, चार युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
पानीपत में बॉर्डर पार कराने के बहाने महिला को खेत के कमरे में ले गए और वहां चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत में लॉकडाउन के दौरान सामूहिक दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। लॉकडाउन की वजह से पानीपत में फंसी महिला उत्तर प्रदेश जाने की कोशिश में थी। इसका फायदा उठाकर युवकों बार्डर पार कराने का झांसा दिया। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। महिला को होश आया तो वह किसी तरह से भागकर गांव के घर में घुस गई और युवकों के बारे में बताया।
यमुना बॉर्डर सील होने के कारण महिला ने राणा माजरा गांव से यमुना के कच्चे रास्ते से उप्र जाने की कोशिश की। यमुना के दूसरे किनारे खड़े पति को फोन मिलाने के लिए एक युवक का फोन मांगा तो आरोपित ने उससे बातचीत शुरू कर दी। महिला को अकेली देख आरोपित ने अपने दो अन्य साथियों को बुला लिया। उसे जबरन खेतों में बने कमरे में ले गए। वहां एक अन्य युवक संग मिलकर चारों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
लॉकडाउन के कारण यमुना बॉर्डर सील है। पुलिस को चकमा देकर उप्र जाने के लिए काफी लोग यमुना के कच्चे रास्ते का इस्तेमाल कर रहे है। पानीपत के एक सेक्टर निवासी महिला को उसका भतीजा सोमवार शाम लगभग छह बजे राणा माजरा घाट के पास छोड़ गया। यमुना के दूसरी तरफ उप्र में उसका पति कच्चे रास्ते से होकर उसे लेने आने वाला था। दुष्कर्म के बाद आरोपित उसे बेहोशी की हालत में बाइक पर कहीं ओर ले जा रहे थे। रास्ते में उसे थोड़ा होश आया तो वह बाइक से कूद कर एक घर में घुस गई और शोर मचा दिया। ग्रामीणों को एकत्रित होता देख आरोपित फरार हो गए। मंगलवार को पति संग वह सनौली थाना पहुंची और पुलिस को सूचना दी।
चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर एक संदिग्ध को काबू किया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। देर शाम महिला का मेडिकल करा दिया। जल्द ही वारदात का पटाक्षेप कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुरेंद्र दहिया, सनौली थाना प्रभारी