Panipat में फिर Coronavirus का खतरा, तब्लीगी जमात से लौटे व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि
पानीपत में तब्लीगी जमात से लौटे व्यक्ति में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। व्यक्ति निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात में शामिल होकर पानीपत लौटा था।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत में एक बार फिर कोरोना वायरस का खतरा मंडरा रहा है। निजामुद्दीन से लौटा तब्लीगी जमात से जुड़ा व्यक्ति पानीपत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मिला है। उसकी सैंपल रिपोर्ट आ गई है। वहीं, पिछले दिनों चार कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीज ठीक हो चुके हैं। ऐसे में एक नया केस सामने आने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग की मानें तो एक हफ्ते पहले पानीपत के शास्त्री कॉलोनी का रहने वाला 45 वर्षीय व्यक्ति निजामुद्दीन से लौटा था। वह तब्लीगी जमात से जुड़ा है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे बड़ौली में बने क्वारंटाइन सेंटर में भेज दिया था। उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था।
पॉजिटिव आते ही प्रशासन अलर्ट
स्वास्थ्य विभाग ने देर रात जमाती की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की पुष्टि की। इसके बाद प्रशासन भी अलर्ट हो गया। उसे आइसोलेट वार्ड में भर्ती किया गया है। साथ ही उसका एक और सैंपल गुरुग्राम में जांच के लिए भेजा है। उसके परिवार और आसपास के लोगों की भी केस हिस्ट्री खंगाली जा रही है।
98 जमाती क्वारंटाइन में हैं
सिविल सर्जन के मुताबिक पुलिस अब तक 98 जमातियों और उनके संपर्क में रहे 28 लोगों को सिविल अस्पताल ला चुकी है, जहां से जांच के बाद बड़ौली और समालखा के क्वारंटाइन सेंटर में भेजा गया है। वहीं एक जामती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
ये चार केस ठीक होकर लौटे
पानीपत में पहले कोरोना वायरस (कोविड-19) के पॉजिटिव केसों की संख्या चार थी। दुबई से लौटी मॉडल टाउन की 53 वर्षीय महिला, मॉडल टाउन के राइस मिल मालिक और उनकी नौल्था निवासी कर्मी महिला, ईदगाह कॉलोनी निवासी नर्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया था। हालांकि नौल्था स्थित राइस मिल में काम करने वाली महिला को 30 मार्च को डिस्चार्ज कर दिया गया था। मंगलवार देर शाम उसकी तबियत बिगड़ गई। उसे सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। वहीं सिविल सर्जन डॉ. संतलाल वर्मा ने पुष्टि की कि महिला को अस्थमा भी है।