दिल्ली की तर्ज पर मौके पर वसूला जाए चालान
दिल्ली और गुरुग्राम की तर्ज पर चालान का जुर्माना मौके पर ही वसूला जाना चाहिए। जनता ने ऐसी मांग की है।
जागरण संवाददाता, पानीपत : दिल्ली और गुरुग्राम की तर्ज पर चालान का जुर्माना मौके पर ही वसूला जाना चाहिए। ब्लाक स्तर पर फाइन भरने की व्यवस्था होनी चाहिए। वर्तमान में शहरवासियों के लिए एसपी ऑफिस तथा पांच ग्रामीण थाना क्षेत्रों में होने वाले चालान भरने के लिए शहजादपुर में व्यवस्था है। लोग चाहते हैं कि ब्लाक स्तर पर यह सुविधा होनी चाहिए क्योंकि इतनी लंबा सफर तय करके आने में समय की बर्बादी तो होती ही है, साथ ही साथ रोजगार भी प्रभावित होता है।
एसपी आफिस में चालान भुगतने आने से सरकारी काम तो बाधित होता ही है, साथ ही साथ समय की भी बर्बादी होती है। दफ्तरों में मौजूद न होने के कारण वहां आने वाले नागरिक भी तंग होते हैं।
पानीपत वासी सुभाष ने करीब तीन माह पूर्व कंपनी से नया मोटरसाइकिल खरीदा था। निर्धारित समय पर नंबर प्लेट व आरसी नहीं बनवा पाया था। मोहड़ा नाके पर चालान काट दिया गया। मौके पर पैसे भरवाने की कही तो चालान अधिकारी ने कहा कि एसपी आफिस में भरेगा। पानीपत से दोबारा आना पड़ा। उस दिन जेब में सेलरी थी। यहां आकर पता चला कि 5000 फाइन बना। एकदम से इतने पैसों का इंतजाम करने में मुश्किल हुई।
महेशनगर वासी अमित के अनुसार वह कंपनी केस बाइक की एनओसी लेने निकला था लेकिन रास्ते में चालान हो गया। इस बात की जानकारी नहीं मिली की दफ्तर में कितने समय में चालान पहुंचेगा। आज काम छोड़कर आना पड़ा। यदि चालान कैंट में भरने की व्यवस्था होती तो बेहतर था। सागर के मुताबिक एक हफ्ता पूर्व चालान को भरने के लिए उसे अंबाला आना पड़ा। यदि मौके पर जुर्माना ले लिया होता तो कोई बात नहीं। चालान की पर्ची बताकर शहर एसपी आफिस का रास्ता बता दिया गया।