होली के दिन घर बुला खिलाए पकौड़े, फिर घोंप दिया चाकू
होली के दिन खोजकीपुर गांव में एक युवक ने श्रमिक पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपित के कई वार करने के बाद उसके भाई और साथियों ने भी पीड़ित से मारपीट की।
जागरण संवाददाता, पानीपत : होली के दिन खोजकीपुर गांव में एक युवक ने श्रमिक पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपित के कई वार करने के बाद उसके भाई और साथियों ने भी पीड़ित से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए श्रमिक के परिजनों को भी घायल कर दिया।
खोजकीपुर के शिव कुमार ने बताया कि वह परिजनों संग घर पर होली मना रहा था। तभी जानकार श्रमिक राजकुमार उनके घर आ गया। एक-दूसरे को रंग लगाने के बाद राजकुमार ने घर चलकर पकौड़े खाने की बात कही। वह उसके साथ चला गया। वापस लौटते समय चौक पर उसे राजकुमार का भाई मोतीराम मिला। मोतीराम ने उनके घर जाने पर एतराज जताते हुए उसके पेट में चाकू घोंप दिया। इससे पहले वह संभलता आरोपित ने उसकी कमर और सिर पर भी चाकू से वार कर दिया। उसके नीचे गिरते ही मोतीराम के भाई शिव ने डंडे और किरसा ने सरिये से हमला कर दिया। पीड़ित के भाई अशोक और विक्रम ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपितों ने चाकू से वार कर उन्हें भी घायल कर दिया। परिजनों ने घायलों को सामान्य अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने शिव कुमार को पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। उसकी हालत चिताजनक बनी हुई है।
रंजिश रखता था आरोपित
अशोक ने बताया कि आरोपित मोतीराम और शिव उसके भाई शिव कुमार से रंजिश रखते है। मोतीराम का भाई राजकुमार शिव कुमार के साथ ही दिहाड़ी मजदूरी करता है। दोनों पक्षों में रंजिश की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई।