अब प्राइवेट बस भी बस स्टैंड परिसर के अंदर कर सकेगी इंट्री, तय किया समय
लाकडाउन के चलते पानीपत बस स्टैंड परिसर में प्राइवेट बसों व दूसरे डिपो की बसों की इंट्री बंद की हुई थी। सभी बाहरी बसें बस स्टैंड परिसर के बाहर से ही सवारियों को बैठाती थी। इससे सवारियों को भी अपने रूट की बसें ढूंढने में परेशानी हो रही थी।
जागरण संवाददाता, पानीपत : लाकडाउन के चलते पानीपत बस स्टैंड परिसर में प्राइवेट बसों व दूसरे डिपो की बसों की इंट्री बंद की हुई थी। सभी बाहरी बसें बस स्टैंड परिसर के बाहर से ही सवारियों को बैठाती थी। इससे सवारियों को भी अपने रूट की बसें ढूंढने में परेशानी हो रही थी। सोमवार से प्राइवेट बसें भी बस स्टैंड परिसर के बूथ पर लगन सकेंगी। इसके लिए रोडवेज ने बूथ पर प्राइवेट बसों को लगाने के लिए 10 मिनट का समय दिया है। समय पूरा होते ही बस स्टैंड परिसर से बाहर ले जानी होगी बसें, नहीं तो सवारियां उतार ली जाएंगी।
लाकडाउन के चलते सभी प्राइवेट बसें व दूसरे डिपो की बसें बस स्टैंड परिसर के बाहर जीटी रोड पर ही खड़ी हो रही थी। अब धीरे-धीरे सबकुछ सामान्य होता जा रहा है। अब प्राइवेट बसों को उनके तय किए गए समय के अनुसार ही बसें बूथ से हटानी होंगी। पानीपत में 80 से ज्यादा प्राइवेट बसें चलती हैं। इन बसों के बूथ पर लगने का पांच मिनट से लेकर 10 मिनट समय तय किया गया। नियमों के अनुसार ही बैठानी होंगी सवारियां
प्राइवेट बसों को पानीपत डिपो में इंट्री तो मिल गई, लेकिन अब प्राइवेट संचालकों को रोडवेज के नियम मानने होंगे। सवारियों की तय की गई संख्या के अनुसार ही सवारियां बिठा सकते हैं। अगर नियमों का अवहेलना की तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। परिसर में इंट्री को लेकर मेन गेट पर लगाई कर्मचारियों की ड्यूटी
प्राइवेट बसों पर निगरानी रखने के लिए बस स्टैंड परिसर के मेन गेट पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्राइवेट बसों के बस स्टैंड परिसर में प्रवेश करने का समय नोट किया जाएगा और समय पूरा होने पर बूथ से हटवाया भी जाएगा। इसके लिए दो कर्मचारी निगरानी कर रहे हैं। प्राइवेट बस संचालक अब डिपो के अंदर बूथ से सवारियां ले जा सकते हैं। इसके लिए प्राइवेट बस संचालकों को तय समय के अनुसार अपनी बसें बूथों से हटानी होगी। निगरानी के लिए कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
- कर्मबीर, ट्रैफिक मैनेजर, रोडवेज पानीपत