Kaithal में नौ साल का मासूम Coronavirus पॉजिटिव, अब तक कुल दो केस आए सामने
कैथल के मदनी मदरसे में तीसरी कक्षा का छात्र कोरेाना वायरस पॉजिटिव मिला। प्रशासन ने 21 विद्यार्थियों और तीन शिक्षकों को क्वारंटाइन किया।
पानीपत/कैथल, जेएनएन। कैथल में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव के दो केस सामने आ गए हैं। पहला तब्लीगी जमात से जुड़ा व्यक्ति और अब उसी क्षेत्र के मदरसे में पढ़ने वाला नौ साल का मासूम भी कोरोना वायरस से संक्रमित है। इससे प्रशासन में हड़कंप मच गया और स्वास्थ्य विभाग की टीम सहित पहुंचे।
सिरटा रोड स्थित मदनी मदरसे में तीसरी कक्षा में पढऩे वाले नौ वर्षीय बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मदरसा उसी क्षेत्र में है, जहां पहला तब्लीगी जमाती पॉजिटिव मिला था। जमाती आइसोलेशन वार्ड में है। उसकी दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उसके परिवार के सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
बिहार का रहने वाला है छात्र
मदरसे में पीडि़त मिला छात्र मूल रूप बिहार के पूर्णिया जिले के रामपुरा का रहने वाला है। यहां मदनी मदरसे में ही रहकर वह पढ़ाई कर रहा है। उसके मामा कैथल में ही रहते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मदरसे के 25 बच्चों के सैंपल लिए थे, इनमें से इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बच्चे सिविल अस्पताल में सबसे अलग आइसोलेट किया गया है।
अन्य की रिपोर्ट आई निगेटिव
मदरसे के अन्य 21 बच्चों और तीन अध्यापकों को कौल कृषि महाविद्यालय में क्वारंटाइन किया गया है। हालांकि इनकी सबकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। पर एक बच्चे के पॉजिटिव मिलने के बाद इनके सैंपल पुन: जांच के लिए भेजे जाएंगे।
तहसीलदार ईश्वर सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मदरसे को सील कर दिया है। साथ ही आसपास के क्षेत्र को भी सैनिटाइज किया गया है।
वहीं, धर्म को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाला आरोपित गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर संप्रदाय को लेकर झूठी और आपत्तिजनक पोस्ट डालने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसका मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। एसपी शशांक कुमार सावन ने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर किसी तरह की भ्रामक सूचना से विकट स्थिति पैदा हो सकती है। इसलिए पुलिस प्रशासन बार-बार लोगों से कोई आपत्तिजनक पोस्ट न डालने के लिए जागरूक कर रहा है। इसके बावजूद कई असामाजिक तत्व इसका उल्लंघन कर रहे हैं। एसपी ने बताया कि किठाना चौकी पुलिस के इंचार्ज हेड कांस्टेबल जसबीर सिंह की सूचना पर केस दर्ज किया गया। गांव किठाना निवासी सोनू ने अपने मोबाइल फोन से ट्वीटर कर संप्रदाय को भड़काने व भय पैदा करने के लिए पोस्ट डाल दी। ऐसा करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें