हाईप्रोफाइल दुष्कर्म-हनी ट्रैप मामले में नया मोड़, महिला का आरोप-विधायक पुत्र ने रची साजिश
करनाल में हाईप्रोफाइल दुष्कर्म-हनी ट्रैप मामले में नया मोड़ आ गया है। जमानत मिलने के बाद हनी ट्रैप की आरोपित महिला ने लगाए गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक पुत्र पर साजिश का आरोप लगाया।
पानीपत/करनाल, जेएनएन। हाईप्रोफाइल दुष्कर्म-हन्नी ट्रैप मामले में अब नीलोखेड़ी से विधायक धर्मपाल गोंदर के अधिकारी बेटे शिव गोंदर पूरी तरह से निशाने पर आ गए हैं, जिससे उनकी मुसीबतें बढ़ सकती हैं।
हनीट्रैप मामले में जमानत मिलने के तीसरे दिन आरोपित महिला व उसके स्वजन सोशल मीडिया के सामने आए और शिव गोंदर को मुख्य साजिशकर्ता होने के गंभीर आरोप लगाते हुए उनके साथ हुई बातचीत को लेकर ऑडियो भी सुनाई। हालांकि कई दिन पहले ही विधायक धर्मपाल व शिव गोंदर आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए महिला पर ही मामले में पैसे लेने के आरोप लगा चुके हैं।
महिला ने दावा किया कि शिव गोंदर ने बहन का रिश्ता बनाकर उसके खिलाफ इतनी बड़ी साजिश रची और हनी ट्रैप के झूठे मामले में फंसवा दिया। उसने दुष्कर्म मामले में न किसी से पैसे की मांग की और न ही पैसे लिए हैं। उसने हिम्मत कर केस दर्ज कराया, लेकिन उसे हर जगह चुप रहने का दबाव दिया गया। पुलिस ने उसे षडय़ंत्र के तहत हनी ट्रैप मामले में फंसाकर बुरी तरह से टार्चर किया तो साफ कागज पर भी हस्ताक्षर करने, झूठे शपथ पत्र देने के लिए मजबूर किया। महिला ने आरोप लगाए कि पुलिस ने उसके अलावा पति व बेटे को भी प्रताडि़त किया। उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।
जमानत के बाद सुनीं रिकार्डिंग तो रह गई हैरान
महिला ने कहा कि जेल से आने पर उसने ध्यान से रिकार्डिंग सुनी तो वह हैरान रह गई। उसे पता चला कि बड़ी साजिश रची गई। महिला ने कहा कि शिव गोंदर उनके घर पहुंचे थे और बहन का रिश्ता बनाया, जिसके चलते भरोसा कर लिया। लेकिन आशंका हुई तो बातचीत रिकार्ड की।
महिला बोली, भाटिया को जानते हैं गोंदर
महिला का दावा है कि रिकॉर्डिंग में बातचीत कर रहा व्यक्ति शिव गोंदर है, जो कह रहा है कि बचपन से ही अजय भाटिया के बारे में जानते हैं। महिला ने आरोप लगाए कि संजीव मंगलौरा को लेकर वही घर आए थे।
अन्य शिक्षक भी खोल सकती हैं राज
महिला ने कहा कि स्कूल संचालक महिला शिक्षकों के साथ कैसा व्यवहार करता रहा है, यह राज अन्य महिला शिक्षक भी खोल सकती हैं। वह पहले तहसीलदार को जानती नहीं थी, लेकिन अजय भाटिया ने कोठी पर बुलाया तो वहां तहसीलदार पहले से मौजूद थे। दोनों आरोपितों ने गलत काम किया और तहसीलदार ने उसे अनेक फोन किए। होटल में भी आने को कहा।
विधायक बोले, पंचायत छोड़कर आ गए थे शिव कुमार
विधायक धर्मपाल गोंदर ने कहा कि मामले के बारे में ज्यादा नहीं जानते। बेटे शिव से पूछा तो बताया था कि महिला के पिता के बुलावे पर दो-तीन बार पंचायत में गए थे, लेकिन वहां समझौते के आसार नहीं लगे तो पंचायत छोड़कर वापस आ गए। इसके बाद उनकी शिव बातचीत नहीं हो पाई। उधर शिव कुमार पहले ही आरोपों को बेबुनियाद बता चुके हैं।