थर्मल (पानीपत), संवाद सहयोगी। पानीपत में जमीनी विवाद में खून बहा। भतीजे ने जमीन के लालच में आकर चाचा और चाची को ही गोली मार दी। फायरिंग की आवाज से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पुलिस को दी गई।
गांव ऊंटला में भतीजे ने चाचा व चाची को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे थर्मल चौकी इंचार्ज जयबीर सिंह ने घायलों को उपचार के लिए पानीपत अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना दोपहर 1 बजे की है। दोनों में पहले भी झगड़ा हो चुका है। विवाद का कारण जमीन का बंटवारा बताया जा रहा है।
गोली के चार खोल मिले
गांव ऊंटला निवासी अजीत (42 वर्ष) पुत्र कर्मचंद व उसकी पत्नी सीमा मतलौडा से खरीददारी करके बाइक पर वापिस गांव लौट रहे थे। जैसे ही गांव पहुंचे तो अजीत के भतीजे सोनू उर्फ गांधी ने गांव के ही दो अन्य युवकों के साथ उन्हें गली में रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। उसके बाद ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। जिससे अजीत व उसकी पत्नी सीमा घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस को घटना स्थल से गोली के चार खोल मिले हैं।