भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन बोले, वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहीं कांग्रेस सहित अन्य पार्टियां Panipat News
पानीपत में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन पहुंचे। उन्होंने प्रेसवार्ता करके कांग्रेस सहित इनेलो और जेजेपी को निशाने पर लिया।
पानीपत, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में अन्य पार्टियां चुनाव नहीं लड़ रही हैं। एक दूसरे पर वर्चस्व की लड़ाई लड़ रही हैं। उन्हें भी मालूम है कि एक बार दिल्ली में कांग्रेस की जीरो सीट आई थी। हरियाणा दूसरा प्रांत होगा, जिसमें कांग्रेस की जीरो सीट आएगी। शाहनवाज हुसैन पानीपत के सेक्टर 25 स्थित होटल डेज में प्रेसवार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अपने क्षेत्र में घिरे हैं। यहां के लोग मनोहर सरकार को पिछली बार देख चुके हैं। इसलिए जनता उनके साथ खड़ी है। यहां के लोगों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से खास लगाव है। वो पार्टी के महामंत्री के तौर पर और हरियाणा के प्रभारी भी रहे। उनके समय में सरकार भी आई थी।
जनादेश के कर्ज को उतारा नहीं जा सकता
प्रधानमंत्री कई जगह चुनाव प्रचार में गए हैं। उनकी डिमांड बहुत है। प्रत्येक प्रत्याशी चाहता है पीएम उनके प्रचार में आए। हरियाणा की जनता से अपील है कि जिस तरह लोकसभा के चुनाव में जनादेश दिया उस कर्ज को उतारा नहीं जा सकता है। इस बार भी अपील है कि आप साथ दें।
अच्छे काम का इनाम मिले
हम लोगों ने जिस तरह अच्छे से काम किया उसका इनाम मिलना चाहिए। मैं मानता हूं कि हमें 75 पार जाना चाहिए। कांग्रेस व अन्य पार्टियों को सिंगल डिजिट में आना चाहिए। पूरे देश में एकरूपता का माहौल है। संकल्प पत्र जारी करते हुए हमने हर वर्ग के विकास की बात कही है। पहले की सरकार जात-पात की कहलाती थी। समाज के सब वर्ग को साथ लेकर चलेंगे।
इनेलो को दिया झटका
इनेलो प्रदेश उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माटा भाजपा में शामिल हो गए। शाहनवाज हुसैन ने पटका पहनाकर उन्हें पार्टी में शामिल कराया। इस अवसर पर शहरी सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रमोद विज, कार्यकारी जिलाध्यक्ष देवेंद्र दत्ता और पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र सलूजा मौजूद थे।