Haryana में कानून व्यवस्था खराब, भ्रष्टाचार भी बढ़ा: नैना चौटाला Panipat News
विधायक नैना चौटाला पूंडरी के करोड़ा गांव में हरी चुनरी चौपाल में पहुंची। उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर सरकार को जिम्मेदार बताया।
पानीपत/कैथल, जेएनएन। डबवाली की विधायक नैना चौटाला ने कहा कि भ्रष्टाचार कम करने का दावा करने वाली मनोहर सरकार में भ्रष्टाचार पहले से भी ज्यादा बढ़ गया है। विधायक रविवार को करोड़ा गांव में 52वीं हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम में पहुंची थीं। चौटाला ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार कम होने का राग अलापते सीएम पौने पांच सालों से प्रदेश की सड़कें नापते रहे। इन्हीं सड़कों पर चलने वाले वाहनों से ओवरलोडिंग के नाम पर हर माह 120 करोड़ की अवैध वसूली होती रही। साल दर साल यह अवैध वसूली का आंकड़ा हजारों करोड़ रुपये तक पहुंच गया। हरियाणा की कानून व्यवस्था खराब हो चुकी है।
आरोप: घोटाले वाली सरकार
नैना चौटाला ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार घोटाले वाली सरकार बनकर रह गई है। प्रदेश में एक हजार करोड़ रुपये का रोडवेज बसों का प्रति किलोमीटर स्कीम का घोटाला, कई सौ करोड़ का दवा खरीद घोटाला, सरकारी नौकरियों में पैसे लेने का घोटाला सामने आ चुका है।
ये वादे किए
जननायक जनता पार्टी के सत्ता में आने पर हर वर्ग खासकर महिलाओं के उत्थान करने, उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए काम करेंगे। प्रत्येक गांव में पुस्तकालय खोले जाएंगे और हर गांव में रोडवेज बस सेवा बहाल की जाएगी। सभी सरकारी शिक्षण संस्थानों में लड़कियों की पहली क्लास से पीएचडी तक की शिक्षा मुफ्त दी जाएगी। बुढ़ापा पेंशन की आयु महिलाओं के लिए 55 वर्ष और पुरुषों के लिए 58 वर्ष होगी। प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। इस मौके पर राजेंद्र लितानी, रणदीप कौल, अंजू जागलान, रीना वाल्मीकि, रोशन ढांडा, राजू पाई, हरदीप पाडला मौजूद थे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप