वाहे गुरु के जयकारे से गूंजा पानीपत, नगर कीर्तन निकाला
पानीपत में सनौली रोड से नगर कीर्तन निकाला गया। कई जगहों से होता हुआ वापस लौटा। जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत। अब 30 नवंबर तक शहर में प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। गुरु नानक प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारों में उत्साह।
पानीपत, जेएनएन - वाहेगुरु के जयकारे से पानीपत शहर गूंज उठा। श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन गुरगद्दी दिवस के उपलक्ष्य में यह नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन निकालते हुए स्वच्छता का भी ध्यान रखा गया। जहां से कीर्तन निकाला, वहां से संगत सफाई भी करती गई। कचरे को एक तरफ डालते रहे। जगह-जगह पर नगर कीर्तन का स्वागत हुआ।
पानीपत के वार्ड सात स्थित संत भाई नरैण सिंह जी गुरुद्वारा से नगर कीर्तन निकाला गया। सनौली रोड गुरु नानक पब्लिक स्कूल से होता हुआ, बाबा काहन सिंह गंगापुरी रोड, एंजेल माल, साईं बाबा चौक, ब्रह्माकुमारी, मदर टेरेसा, गुरुद्वारा गुरु संगत साहिब, न्यू हाउसिंग बोर्ड कालोनी, बाबा बंदा सिंह बहादुर गुरुद्वारा, सती भाई साईं दास, गुरुद्वारा शाह साहिब,सेठी चौक, संत द्वारा, अमर भवन चौक से होता हुआ गुरुद्वारा साहिब पर संपन्न हुआ। इसके बाद गुरु का अटूट लंगर वरताया गया।
अब निकलेंगी प्रभात फेरियां
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर अब अब रोजाना प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। 30 नवंबर तक अमृत वेले यानी सुबह साढ़े पांच बजे से प्रभात फेरी निकलेगी। प्रभात फेरी में गुरु का नाम सिमरन होगा। फेरी का जगह-जगह भव्य स्वागत भी होगा। सभी गुरुद्वारों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
गुरु नानक प्रकाश पर्व का उत्साह
शहर में गुरु नानक प्रकाश पर्व का उत्साह अभी से शुरू हो गया है। गुरुद्वारों में तैयारी चल रही है। ढाढी जत्थे अभ्यास कर रहे हैं। वहीं बहादुरी दिखाने वाले सिख भी सुबह और शाम को अभ्यास में जुटे हैं। गतका आकर्षण का केंद्र होगा। लालबत्ती चौक स्थित गुरुद्वारा से विशाल नगर कीर्तन निकलेगा।