घर पर लगा था ताला, अंदर पड़ा था रिटायर प्रिंसिपल का खून से लथपथ शव Panipat News
कुरुक्षेत्र में एक रिटायर प्रिंसिपल की हत्या कर दी गई। वह घर पर अकेले रहती थी। पति और एक बेटे की पहले ही मौत हो चुकी है जबकि दूसरा बेटा जेल में सजा काट रहा है।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। प्रोफेसर कॉलोनी में एक बुजुर्ग महिला की अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। सीआइए-एक व दो की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की।
सचिन मित्तल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ऊषा गुप्ता वर्ष 2016 में प्रिंसिपल के पद पर सेवानिवृत्त होकर घर पर अकेली रहती थीं। गत दिवस ऊषा गुप्ता (62 वर्ष) का भतीजा बुआ से मिलने पिहोवा आया था। मकान का ताला लगा होने के कारण उसने इसकी सूचना ऊषा गुप्ता के अन्य रिश्तेदारों को दी। जब अन्य परिजनों ने फोन पर ऊषा गुप्ता से संपर्क करना चाहा तो वह बंद मिला। जब उसके परिजन ऊषा के घर पहुंचे तो देखा कि मेन गेट का दरवाजा बंद था और अंदर की लाइटें जली हुई थीं। परिजन दीवार फांदकर घर के अंदर गए। जैसे ही वे बेडरूम में पहुंचे तो देखा कि ऊषा खून से लथपथ अवस्था में बेड पर पड़ी थीं।
सचिन ने बताया कि ऊषा के कानों की बालियां गायब हैं। जेल से वापस आने के बाद ही योगेश ही बता पाएगा कि हत्या करने वाला आरोपित घर से क्या-क्या सामान व नकदी चुरा ले गए हैं। चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार ने बताया कि शव देखने से लगता है कि यह हत्या रंजिशन की गई है। मृतका के शरीर पर कई जगह तेजधार हथियारों से वार किया गया है।