रंजिश में रिश्तों को भी भूल हत्यारा बन बैठा पुलिसकर्मी, बुआ की कर दी हत्या
मकान खाली कराए जाने पर पुलिसकर्मी अपने ममेरे भाईयों से रंजिश रखे था। इस रंजिश में उसने रिश्तों को भूला दिया। फिर उसने कुछ ऐसा किया कि वह हत्यारा बन बैठा।
पानीपत, जेएनएन। मकान खाली कराने से आक्रोशित पुलिसकर्मी ने फुफेरे भाई की पिटाई कर दी और बुआ को घुसा मारकर मार डाला। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
आर्य नगर के मयंक ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका टीडीआइ में मकान है। इस मकान में पुलिसकर्मी उसका ममेरा भाई रहता था। उसने सोमवार को मकान खाली करवा लिया था। इससे सतबीर रंजिश रखता था।
टोल प्लाजा के पास की मारपीट
वह और उसकी मां टोल प्लाजा के पास थे। वह कार में बैठा था। तभी पहले से घात लगाए बैठे सतबीर ने उसके साथ मारपीट की। उसकी मां महेंद्री देवी ने उसे छुड़वाने के लिए आई तो सतबीर ने छाती में घुसा मारा। वह घायल मां को अग्रसेन अस्पताल में ले गया, जहां उसकी मौत हो गई।
ममेरे भाई को जान से मारने की धमकी देकर हुआ फरार
आरोपित उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। शव को सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। सेक्टर 6-7 चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि सतबीर के खिलाफ हत्या और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। महेंद्री देवी के शव के पोस्टमार्टम के बाद मौत की असल वजह का पता चल पाएगा।